क्या साई सुदर्शन तीसरे दिन मैदान पर नहीं उतरेंगे? चोट का आया अपडेट
सारांश
Key Takeaways
नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (राष्ट्र प्रेस)। भारत के बाएं हाथ के बल्लेबाज साई सुदर्शन वेस्टइंडीज के खिलाफ अरुण जेटली स्टेडियम में चल रहे दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन मैदान पर नहीं उतरेंगे। यह जानकारी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने प्रदान की है।
बीसीसीआई ने रविवार को तीसरे दिन के खेल के दौरान एक आधिकारिक बयान में कहा, "साई सुदर्शन को दूसरे दिन कैच लेने की कोशिश में चोट लग गई थी। एहतियात के लिए वह तीसरे दिन मैदान पर नहीं उतर रहे हैं। हालांकि, उनकी चोट गंभीर नहीं है और वह ठीक हैं। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर नज़र रख रही है।"
दूसरे दिन के मुकाबले में सुदर्शन को कैच लेते समय चोट लगी थी। वह वेस्टइंडीज की पारी के आठवें ओवर की दूसरी गेंद पर चोटिल हुए, जब उन्होंने रवींद्र जडेजा की गेंद पर वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज जॉन कैंपबेल का तेज कैच लिया।
क्षेत्ररक्षण करते समय सुदर्शन के हेलमेट पर गेंद लगी। इसके बावजूद उन्होंने गेंद को गिरने नहीं दिया, लेकिन तुरंत उपचार के लिए मैदान से बाहर गए। इसके बाद उन्होंने दूसरे दिन का बाकी खेल नहीं खेला। उनकी जगह देवदत्त पडिक्कल ने फॉरवर्ड शॉर्ट लेग पर फील्डिंग की।
साई सुदर्शन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहली पारी में 165 गेंदों का सामना करते हुए 87 रन बनाए, जिसमें 12 चौके शामिल थे।
भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट की पहली पारी 518/5 के स्कोर पर घोषित की। टीम इंडिया की ओर से यशस्वी जायसवाल ने 175 रन बनाए, जबकि कप्तान शुभमन गिल ने नाबाद 129 रन की पारी खेली। विपक्षी टीम की ओर से जोमेल वारिकन ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए।
इसके जवाब में वेस्टइंडीज ने तीसरे दिन के पहले सेशन तक 8 विकेट खोकर 217 रन बना लिए हैं। वेस्टइंडीज की ओर से एलिक एथनाज ने सर्वाधिक 41 रन बनाए, जबकि शाई होप ने 34 रन की पारी खेली।
भारत की ओर से कुलदीप यादव ने 4 विकेट अपने नाम किए हैं, जबकि 3 विकेट रवींद्र जडेजा ने लिए हैं।