टी20 वर्ल्ड कप में सैमसन ने इंग्लैंड के खिलाफ 89 रन बनाकर कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी की
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 5 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी लगातार दूसरी पारी में शानदार अर्धशतक बनाया। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल-2 में महज 26 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। इस मैच में सैमसन ने 42 गेंदों का सामना करते हुए 7 छक्कों और 8 चौकों के साथ 89 रन बनाकर विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी की।
संजू सैमसन अब टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मैचों में भारत की ओर से सबसे बड़ी पारी खेलने वाले खिलाड़ियों में संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं। इससे पहले, विराट कोहली ने 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 89 रन की नाबाद पारी खेली थी।
कोहली ने 2014 में श्रीलंका के खिलाफ 77 रन और 2024 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रन बनाये थे। इसके साथ ही, गौतम गंभीर ने 2007 में पाकिस्तान के खिलाफ 75 रन का योगदान दिया था।
इससे पहले, सैमसन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए निर्णायक सुपर-8 मैच में 97 रन की नाबाद पारी खेलकर भारत को सेमीफाइनल का टिकट दिलाया था।
इस विश्व कप के प्रारंभिक मैचों में सैमसन का प्रदर्शन औसत रहा था। उन्होंने नामीबिया के खिलाफ केवल 22 रन और जिम्बाब्वे के खिलाफ 24 रन का योगदान दिया था। हालांकि, उन्होंने आलोचकों को करारा जवाब देते हुए शानदार प्रदर्शन किया।
गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। भारत को दूसरे ओवर की अंतिम गेंद पर अभिषेक शर्मा के रूप में बड़ा झटका लगा।
टीम ने 20 के स्कोर पर अभिषेक का विकेट खो दिया, जो 7 गेंदों में 2 चौकों के साथ केवल 9 रन ही बना सके। इसके बाद सैमसन ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों में 97 रन और शिवम दुबे के साथ 22 गेंदों में 43 रन की साझेदारी करके टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। 13.1 ओवरों के खेल तक भारत ने 3 विकेट खोकर 160 रन बना लिए थे।