टी20 वर्ल्ड कप: इंग्लैंड के खिलाफ सैमसन का धमाकेदार प्रदर्शन, कोहली के रिकॉर्ड की की बराबरी
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 5 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल-2 में इंग्लैंड के खिलाफ अपनी लगातार दूसरी पारी में अर्धशतक बनाया। सैमसन ने वानखेड़े स्टेडियम में गुरुवार को महज 26 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। इस मैच में उन्होंने 42 गेंदों का सामना करते हुए 7 छक्कों और 8 चौकों की मदद से 89 रन बनाए और विराट कोहली के रिकॉर्ड को बराबर कर लिया।
संजू सैमसन अब टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मैचों में भारत की ओर से सबसे बड़ी पारी खेलने वाले खिलाड़ियों में संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं। इससे पहले, विराट कोहली ने टी20 वर्ल्ड कप 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 89 रन बनाए थे।
कोहली ने 2014 में श्रीलंका के खिलाफ 77 रन और 2024 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रन बनाए थे। इसके अलावा, गौतम गंभीर ने 2007 में पाकिस्तान के खिलाफ 75 रन बनाए थे।
संजू सैमसन ने इससे पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ 1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले गए निर्णायक सुपर-8 मैच में 97 रन की नाबाद पारी खेलकर भारत को सेमीफाइनल में जगह दिलाई थी।
इस वर्ल्ड कप के प्रारंभिक मैचों में सैमसन का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। उन्होंने नामीबिया के खिलाफ केवल 22 रन बनाए थे, उसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ 24 रन की पारी खेली। इसके बाद उन पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने गुरुवार को इस पारी से उन सभी को जवाब दिया।
वानखेड़े स्टेडियम में जारी सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। टीम इंडिया को दूसरे ओवर में अभिषेक शर्मा के रूप में बड़ा झटका लगा।
टीम ने 20 रन पर अभिषेक का विकेट खो दिया, जो 7 गेंदों में 2 चौकों के साथ केवल 9 रन बना सके। इसके बाद, संजू सैमसन ने ईशान किशन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों में 97 रन और शिवम दुबे के साथ 22 गेंदों में 43 रन की साझेदारी की, जिससे भारत मजबूत स्थिति में पहुंच गया। 13.1 ओवर में भारत ने 3 विकेट खोकर 160 रन बना लिए।