टी20 वर्ल्ड कप: इंग्लैंड के खिलाफ संजू सैमसन ने 89 रन बनाकर कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 5 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी लगातार दूसरी पारी में अर्धशतक दर्ज किया। सैमसन ने इंग्लैंड के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे सेमीफाइनल-2 के दौरान केवल 26 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने इस मैच में 42 गेंदों का सामना करते हुए 7 छक्कों और 8 चौकों की मदद से 89 रन बनाकर विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी की है।
संजू सैमसन अब टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मैच में भारत की तरफ से सबसे बड़ी पारी खेलने वाले खिलाड़ियों की सूची में पहले स्थान पर हैं। इससे पहले, विराट कोहली ने टी20 वर्ल्ड कप 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 89 रन की नाबाद पारी खेली थी।
कोहली ने 2014 में श्रीलंका के खिलाफ 77 रन और 2024 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रन की पारी खेली थी। वहीं, गौतम गंभीर ने 2007 में पाकिस्तान के खिलाफ 75 रन बनाए थे।
इससे पहले, संजू सैमसन ने 1 मार्च को वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में 97 रन की नाबाद पारी खेलकर भारत को सेमीफाइनल में पहुँचाया था।
संजू सैमसन ने इस वर्ल्ड कप के शुरुआती मैचों में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया था। उन्होंने नामीबिया के खिलाफ केवल 22 रन और जिम्बाब्वे के खिलाफ 24 रन की पारी खेली थी, जिसके चलते उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। लेकिन उन्होंने अब अपने प्रदर्शन से सभी को चौंका दिया है।
गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में चल रहे सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। भारत को दूसरे ओवर की अंतिम गेंद पर अभिषेक शर्मा के रूप में बड़ा झटका लगा।
टीम ने 20 के स्कोर पर अभिषेक का विकेट खो दिया, जो 7 गेंदों में 2 चौकों के साथ केवल 9 रन ही बना सके। इसके बाद संजू सैमसन ने ईशान किशन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों में 97 रन बनाते हुए भारत को मजबूत स्थिति में पहुँचाया। इसके अलावा, उन्होंने शिवम दुबे के साथ 22 गेंदों में 43 रन की साझेदारी की। 13.1 ओवर के खेल तक भारत ने 3 विकेट खोकर 160 रन बना लिए थे।