टी20 वर्ल्ड कप: सैमसन ने इंग्लैंड के खिलाफ 89 रन बनाकर कोहली के रिकॉर्ड को किया बराबर
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 5 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी दूसरी पारी में एक बार फिर अर्धशतक लगाया। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे सेमीफाइनल-2 में केवल 26 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। इस मैच में सैमसन ने 42 गेंदों का सामना करते हुए 7 छक्कों और 8 चौकों की मदद से कुल 89 रन बनाए और विराट कोहली के रिकॉर्ड को बराबर कर लिया।
संजू सैमसन अब टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मैचों में भारत की तरफ से सबसे बड़ी पारी खेलने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में संयुक्त रूप से पहले स्थान पर आ गए हैं। इससे पहले विराट कोहली ने 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 89 रन की नाबाद पारी खेली थी।
कोहली ने 2014 में श्रीलंका के खिलाफ 77 रन और 2024 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रन की पारी खेली थी, जबकि गौतम गंभीर ने 2007 में पाकिस्तान के खिलाफ 75 रन बनाए थे।
इससे पहले, सैमसन ने 1 मार्च को वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए निर्णायक सुपर-8 मैच में 97 रन की नाबाद पारी खेलकर भारत को सेमीफाइनल में पहुँचाया था।
संजू सैमसन ने इस विश्व कप के शुरुआती मैचों में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया था, जहां उन्होंने नामीबिया के खिलाफ 22 रन और जिम्बाब्वे के खिलाफ 24 रन बनाए थे। इसके बाद उन पर आलोचना का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने इसे अपने खेल से जवाब दिया।
गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का आमंत्रण दिया। टीम इंडिया को दूसरे ओवर की अंतिम गेंद पर अभिषेक शर्मा के रूप में बड़ा झटका लगा।
टीम ने 20 के स्कोर पर अभिषेक का विकेट खो दिया, जो 7 गेंदों में 2 चौकों के साथ केवल 9 रन बना सके। इसके बाद सैमसन ने ईशान किशन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों पर 97 रन और शिवम दुबे के साथ 22 गेंदों में 43 रन की साझेदारी की, जिससे भारत मजबूत स्थिति में पहुँच गया। 13.1 ओवर में भारत ने 3 विकेट खोकर 160 रन बना लिए थे।