शिवम दुबे का शर्मनाक रिकॉर्ड: टी20 वर्ल्ड कप में भारत के सबसे महंगे ओवर का रिकॉर्ड
सारांश
Key Takeaways
- शिवम दुबे का निराशाजनक प्रदर्शन
- भारत की जीत का अंतर 72 रन
- टी20 वर्ल्ड कप में सबसे महंगा ओवर
- ब्रायन बेनेट का बेहतरीन योगदान
- अर्शदीप सिंह का शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन
चेन्नई, 26 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में गुरुवार को भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को 72 रनों से पराजित किया। परंतु, शिवम दुबे का गेंदबाजी प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। शिवम ने टी20 विश्व कप में भारत की ओर से सबसे महंगा ओवर फेंकने का रिकॉर्ड बनाया है।
शिवम ने अपने 2 ओवर के स्पेल में कुल 46 रन खर्च किए। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने शिवम को 15वें ओवर में गेंद सौंपी, जिसमें उन्होंने 26 रन दिए। यह भारत की ओर से किसी भी गेंदबाज द्वारा टी20 विश्व कप में फेंका गया सबसे महंगा ओवर है। इससे पहले, युवराज सिंह ने 2007 में न्यूजीलैंड के खिलाफ एक ओवर में 25 रन दिए थे। शिवम की लय में कमी का फायदा जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने बढ़िया तरीके से उठाया।
भारत द्वारा दिए गए 257 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर केवल 184 रन बना सकी। टीम के लिए ब्रायन बेनेट ने 59 गेंदों में 97 रनों की नाबाद पारी खेली, जबकि सिकंदर रजा ने 31 रनों का योगदान दिया।
गेंदबाजी में भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने 3 ओवर में 24 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट चटकाया। शिवम दुबे भी एक विकेट लेने में सफल रहे।
इससे पहले, भारतीय टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 256 रन बनाए। यह टी20 विश्व कप का दूसरा और टीम इंडिया का सबसे बड़ा स्कोर रहा। अभिषेक शर्मा ने 30 गेंदों में 55 रन बनाते हुए टूर्नामेंट में अपना पहला अर्धशतक लगाया, जबकि हार्दिक पांड्या ने 23 गेंदों में नाबाद 50 रन बनाए। तिलक वर्मा ने 16 गेंदों में 44 रन बनाकर नाबाद रहे।