क्या जनिथ लियानागे का अर्धशतक श्रीलंका को 289 रन का लक्ष्य दिला पाएगा?
सारांश
मुख्य बातें
रावलपिंडी, 14 नवंबर (राष्ट्र प्रेस)। पाकिस्तान के साथ हो रहे वनडे सीरीज के दूसरे मैच में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 288 रन बनाए हैं।
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका के लिए पाथुम निसांका और कामिल मिशारा ने पहले विकेट के लिए 51 रन जोड़कर एक अच्छी शुरुआत प्रदान की। निसांका ने 24 और मिशारा ने 27 रन बनाए। इसके बाद कुसाल मेंडिस और कप्तान असालंका का विकेट भी जल्दी गिर गया। 98 रन पर 4 विकेट गंवाकर श्रीलंका संकट में थी।
हालांकि, सदीरा समरविक्रमा और जनिथ लियानागे ने पांचवें विकेट के लिए 61 रन जोड़कर टीम को मजबूती प्रदान की। समरविक्रमा ने 52 गेंदों पर 42 रन बनाए। इसके बाद लियानागे ने छठे विकेट के लिए कामिंदु मेंडिस के साथ 73 रन की साझेदारी की। लियानागे ने 54 और कामिंदु ने 44 रन की पारी खेली। पहले वनडे में अर्धशतक लगाने वाले वानिंदु हसरंगा ने इस मैच में भी शानदार बल्लेबाजी की। हसरंगा ने आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंद पर नाबाद 37 रन बनाए। हसरंगा की पारी के कारण श्रीलंका 50 ओवर में 8 विकेट पर 288 रन बनाने में सफल रहा। प्रमोद मदुशन ने 15 गेंदों पर 11 रन बनाकर नाबाद रहे।
पिछले मैच में घातक गेंदबाजी करने वाले तेज गेंदबाज हारिस रऊफ और स्पिनर अबरार अहमद इस मैच में भी शानदार रहे। हारिस रऊफ थोड़े महंगे साबित हुए। रऊफ ने 10 ओवर में 66 रन देकर 3 विकेट लिए। जबकि अबरार अहमद ने 41 रन देकर 3 विकेट प्राप्त किए। मोहम्मद वसीम ने 10 ओवर में 50 रन देकर 1 विकेट लिया।
यह मैच पहले गुरुवार को खेला जाना था, लेकिन इस्लामाबाद में हुए बम विस्फोट के कारण श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड से सलाह के बाद पीसीबी ने मैच की तारीख 13 नवंबर से बदलकर 14 नवंबर कर दी।