भारत बनाम इंग्लैंड: सेमीफाइनल में ऐतिहासिक रिकॉर्ड्स के साथ टीम इंडिया ने किया कमाल

शेयर करें:
ऑडियो वॉइस लोड हो रही है…
भारत बनाम इंग्लैंड: सेमीफाइनल में ऐतिहासिक रिकॉर्ड्स के साथ टीम इंडिया ने किया कमाल

सारांश

टीम इंडिया ने इंग्लैंड को हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में बने रिकॉर्ड्स ने साबित किया कि टीम इंडिया क्रिकेट के इस फॉर्मेट में एक नई ऊंचाई पर पहुंच गई है।

मुख्य बातें

टीम इंडिया ने चौथी बार टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में जगह बनाई।
सेमीफाइनल में 34 छक्के लगे, एक नया रिकॉर्ड।
जैकब बेथेल ने इंग्लैंड के लिए सबसे तेज शतक लगाया।
टीम इंडिया ने 253 रन बनाए, इंग्लैंड ने 246 रन बनाए।
अगला मैच 8 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ है।

मुंबई, 5 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 7 रनों से मात दी। भारत द्वारा दिए गए 254 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 7 विकेट के नुकसान पर 246 रन ही बना सकी। इस सेमीफाइनल में कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड्स बने। टीम इंडिया ने चौथी बार फाइनल में पहुंचकर इतिहास रच दिया है।

भारतीय टीम अब टी20 विश्व कप के इतिहास में सबसे अधिक बार फाइनल में पहुंचने वाली टीम बन गई है। टीम ने 2007, 2014, और 2024 के बाद चौथी बार खिताबी मुकाबले में अपनी जगह बनाई है। इस मैच में कुल 34 छक्के लगे, जो कि एक टी20 वर्ल्ड कप के एक मैच में सबसे अधिक हैं। इससे पहले इसी विश्व कप में वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के बीच खेले गए मैच में 31 छक्के लगे थे। भारत और इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने मिलकर इस सेमीफाइनल में कुल 73 बाउंड्री लगाईं, जो एक नया रिकॉर्ड है। इससे पहले टी20 वर्ल्ड कप 2016 में इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए मैच में 61 बाउंड्री लगी थीं।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में कुल 499 रन बने। मेंस टी20 इंटरनेशनल में इससे अधिक रन केवल 2023 में साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए मैच में बने थे, जिसमें 517 रन बने थे। जैकब बेथेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में शतक लगाया। वह टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड की ओर से सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने 48 गेंदों में 105 रनों की बेहतरीन पारी खेली।

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 253 रन बनाए। टीम की ओर से संजू सैमसन ने 42 गेंदों में 89 रन की शानदार पारी खेली। वहीं, शिवम दुबे ने 25 गेंदों में 43 रन का योगदान दिया। बेथेल की शतकीय पारी के बावजूद इंग्लैंड केवल 246 रन बना सकी। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत का सामना 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में न्यूजीलैंड से होगा।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

टीम इंडिया ने कितनी बार टी20 विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई है?
टीम इंडिया ने अब तक चार बार टी20 विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई है।
सेमीफाइनल मैच में कितने छक्के लगे?
इस सेमीफाइनल मैच में कुल 34 छक्के लगे, जो एक रिकॉर्ड है।
जैकब बेथेल ने कितने रन बनाए?
जैकब बेथेल ने 105 रन की पारी खेली और टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के लिए सबसे तेज शतक लगाया।
टीम इंडिया का अगला मैच कब है?
टीम इंडिया का अगला मैच 8 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में होगा।
इस मैच में कुल कितने रन बने?
इस सेमीफाइनल में कुल 499 रन बने।
राष्ट्र प्रेस
सिलसिला

जुड़े बिंदु

इस ख़बर के पीछे की कड़ियाँ — सबसे नई पहले।

8 बिंदु
  1. नवीनतम 2 महीने पहले
  2. 2 महीने पहले
  3. 2 महीने पहले
  4. 2 महीने पहले
  5. 2 महीने पहले
  6. 2 महीने पहले
  7. 2 महीने पहले
  8. 2 महीने पहले