टेस्ट क्रिकेट का पहला आधिकारिक मैच: ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड का ऐतिहासिक मुकाबला
सारांश
Key Takeaways
- टेस्ट क्रिकेट का पहला आधिकारिक मैच 1877 में खेला गया था।
- चार्ल्स बैनरमैन ने 165 रन की पारी खेली।
- ऑस्ट्रेलिया ने मैच 45 रन से जीता।
- इसने ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड की प्रतिस्पर्धा की शुरुआत की।
- यह मैच क्रिकेट के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मोड़ था।
नई दिल्ली, 15 मार्च (राष्ट्रीय संवाद)। टेस्ट क्रिकेट को खेल के सबसे उत्कृष्ट प्रारूपों में से एक माना जाता है। यह प्रारूप 5 दिन और 4 पारियों में खेला जाता है, जिससे हर खिलाड़ी को अपनी प्रतिभा और क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है, चाहे वह गेंदबाज हो या बल्लेबाज। टेस्ट क्रिकेट में न केवल खिलाड़ियों की प्रतिभा की परीक्षा होती है, बल्कि उनके धैर्य और खेल के प्रति संकल्प की भी होती है। जो खिलाड़ी इस परीक्षा में खरे नहीं उतरते, वे टेस्ट क्रिकेट में सफल नहीं हो पाते।
टेस्ट क्रिकेट का इतिहास अत्यंत प्राचीन है। पहला आधिकारिक टेस्ट 15 से 19 मार्च 1877 को ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेला गया था। यह मैच टेस्ट क्रिकेट की एक महान परंपरा की शुरुआत थी, जो आज भी टी20 प्रारूप के दौर में रोमांचक बनी हुई है।
यह पहला टेस्ट मैच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर आयोजित हुआ था। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान डेव ग्रेगरी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। सलामी बल्लेबाज चार्ल्स बैनरमैन के अलावा अन्य कोई भी बल्लेबाज इंग्लैंड के गेंदबाजों का सामना नहीं कर सका।
बैनरमैन ने रिटायर्ड हर्ट होने से पहले 165 रन की शानदार पारी खेली थी। टॉम गार्रेट ने नाबाद 18 रन बनाकर दूसरे सबसे बड़े स्कोरर बने। जैक ब्लेकहैम ने 17, ब्रेंसबी कूपर ने 15 और टॉम होरान ने 12 रन बनाए। इन चार बल्लेबाजों के अलावा कोई भी बल्लेबाज 2 अंकों में भी नहीं पहुंच सका। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 245 रन बनाए।
इंग्लैंड के लिए अल्फ्रेड शॉ और जेम्स साउथर्टन ने 3-3, जबकि एलेन हिल और जेम्स लिलीव्हाइट जूनियर ने 1-1 विकेट लिए।
इंग्लैंड की ओर से सलामी बल्लेबाज हैरी जुप ने 63, हैरी चार्लवुड ने 36 और एलेन हिल ने नाबाद 35 रन बनाए। इन तीन बल्लेबाजों की बदौलत इंग्लैंड पहली पारी में 196 रन तक पहुंच सका, लेकिन वह ऑस्ट्रेलिया से 49 रन पीछे रहा।
ऑस्ट्रेलिया के लिए बिली मिडविंटर ने 5, टॉम गार्रेट ने 2, जबकि जॉन हॉजेस, टॉम कैंडल और नैट थॉमसन ने 1-1 विकेट लिए।
ऑस्ट्रेलिया अपनी दूसरी पारी में 104 रन पर सिमट गई।
इंग्लैंड के लिए अल्फ्रेड शॉ ने 5, जॉर्ज उलिएट ने 3, जबकि एलेन हिल और जेम्स लिलीव्हाइट ने 1-1 विकेट लिए।
ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में मिली 49 रन की बढ़त के आधार पर इंग्लैंड को जीत के लिए 154 रन का लक्ष्य दिया। इंग्लैंड की बल्लेबाजी दूसरी पारी में भी निराशाजनक रही और वह 108 रन पर सिमट गई।
ऑस्ट्रेलिया के लिए टॉम केंडल ने 7, जॉन हॉजेस ने 2 और बिली मिडविंटर ने 1 विकेट लिए।
इस प्रकार, पहला आधिकारिक टेस्ट ऑस्ट्रेलिया ने 45 रन से जीत लिया। इस मैच ने न केवल टेस्ट क्रिकेट की शुरुआत की, बल्कि ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच टेस्ट क्रिकेट की रोमांचक प्रतिस्पर्धा की भी नींव रखी, जिसने बाद में एशेज का रूप लिया।
पहले आधिकारिक टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन:
ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन: चार्ल्स बैनरमैन, नेट थॉमसन, टॉम होरान, डेव ग्रेगरी (कप्तान), ब्रैंसबी कूपर, बिली मिडविन्टर, नेड ग्रेगरी, जैक ब्लैकहम (विकेटकीपर), टॉम गैरेट, टॉम केंडल, जॉन हॉजेस।
इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन: हैरी जुप, जॉन सेल्बी (विकेटकीपर), हैरी चार्लवुड, जॉर्ज उलिएट, एंड्रयू ग्रीनवुड, टॉम आर्मिटेज, अल्फ्रेड शॉ, टॉम एम्मेट, एलेन हिल, जेम्स लिलीवाइट (जूनियर) (कप्तान), जेम्स साउथर्टन।