क्या यशस्वी जायसवाल को अपनी कमजोरी पर काम करना होगा? : संजय बांगर
सारांश
मुख्य बातें
लंदन, 31 जुलाई (राष्ट्र प्रेस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व क्रिकेटर और कोच संजय बांगड़ ने बताया कि यशस्वी जायसवाल ने अपना विकेट ऑफ स्टंप को कवर करते समय सीधी गेंद चूकने के कारण गंवाया।
यशस्वी जायसवाल ने एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी की शुरुआत एक प्रभावशाली शतक के साथ की थी। लेकिन उसके बाद उनका प्रदर्शन साधारण रहा है। द ओवल में खेले जा रहे सीरीज के पांचवें टेस्ट की पहली पारी में तेज गेंदबाज गस एटकिंसन की गेंद पर वह केवल 2 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू आउट हुए।
जायसवाल के विकेट पर संजय बांगड़ ने कहा, "आम तौर पर, ऐसा माना जाता है कि जब गेंदबाज राउंड द विकेट आते हैं, तो बल्लेबाज हमेशा अपने स्टंप को कवर करते हैं। अब, यदि आप गेंद को चूक जाते हैं, तो गलती की गुंजाइश बहुत कम होती है। मेरा मानना है कि आप मिडिल स्टंप तक पहुंच सकते हैं।"
बांगड़ ने कहा, "यदि आप ऑफ स्टंप से शुरुआत करते हैं और लगातार उसे कवर करने की कोशिश करते हैं और सीधी गेंद को चूक जाते हैं, तो आपके पास कोई अवसर नहीं बचता। जायसवाल के साथ भी ऐसा ही हुआ।"
वहीं, पूर्व तेज गेंदबाज वरुण आरोन ने केएल राहुल के विकेट पर कहा, "राहुल अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, जिस गेंद पर वह आउट हुए, उस पर रन बनाने का मौका था। उन्होंने कट शॉट से कई रन बटोरे हैं। लेकिन, वह गेंद थोड़ी पीछे आई और विकेट में जा लगी। राहुल एक कमजोर गेंद पर अपनी विकेट गंवाकर निराश होंगे।"
द ओवल में भारत और इंग्लैंड के बीच सीरीज का पांचवां टेस्ट शुरू हो चुका है। भारत इस सीरीज में 1-2 से पीछे है। इस टेस्ट को जीतकर ही सीरीज में बराबरी की जा सकती है। कप्तान गिल और कोच गंभीर को जायसवाल और राहुल से पहले विकेट के लिए बड़ी और मजबूत साझेदारी की उम्मीद थी। लेकिन, दोनों ऐसा नहीं कर सके। जायसवाल 2 और राहुल 14 रन बनाकर आउट हो गए।