भदोही पुलिस ने 22 किलो गांजे के साथ तीन तस्करों को किया गिरफ्तार: एक बड़ी सफलता
सारांश
Key Takeaways
- भदोही पुलिस ने 22 किलो गांजा बरामद किया।
- तीन शातिर तस्करों की गिरफ्तारी की गई।
- पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया गया।
- गिरफ्तार आरोपियों में दो इनामी बदमाश शामिल हैं।
- पुलिस का खौफ अपराधियों में साफ देखा जा रहा है।
लखनऊ, 4 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में भदोही पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस की टीम ने सटीक जानकारी और सक्रिय रणनीति के आधार पर अंतर्जनपदीय गांजा तस्कर गिरोह का खुलासा करते हुए तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो ऐसे बदमाश शामिल हैं, जिन पर क्रमशः 50,000 रुपए और 25,000 रुपए का इनाम घोषित था।
यह कार्रवाई भदोही पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में विशेष अभियान के तहत शनिवार को की गई। मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने फत्तूपुर पावर हाउस के पास घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक बोरी में कुल 22 किलो 360 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके साथ ही 1900 रुपए नकद और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी जब्त की गई, जो जांच में चोरी की निकली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू उर्फ शहजादे, सोनू (₹25,000 इनामी) और कल्लू उर्फ अनवर (₹50,000 इनामी) के रूप में हुई है। पूछताछ में इन आरोपियों ने बताया कि वे वाराणसी के कपसेठी क्षेत्र से कम कीमत पर गांजा खरीदकर भदोही एवं आसपास के इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचते थे और मुनाफा आपस में बांटते थे। पुलिस के अनुसार, कल्लू उर्फ अनवर का आपराधिक इतिहास बेहद गंभीर है, उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती और मादक पदार्थों की तस्करी के लगभग 69 मुकदमे विभिन्न जनपदों में दर्ज हैं। अन्य दो आरोपी भी कई आपराधिक मामलों में वांछित रहे हैं।
भदोही थाना में एनडीपीएस एक्ट और एमवी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है और तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने बताया कि जनपद में अपराध और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा। इस कार्रवाई से न केवल एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, बल्कि अपराधियों में पुलिस का खौफ भी साफ देखा जा रहा है। इस सफलता को जिले की कानून-व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।