दुष्यंत चौटाला ने हरियाणा सरकार पर मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया, विश्वविद्यालय को बना रहे सियासी अखाड़ा
सारांश
मुख्य बातें
चंडीगढ़, 21 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। हरियाणा के हिसार में गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय में जेजेपी नेताओं के प्रदर्शन और पुलिस की कार्रवाई को लेकर बड़ा विवाद उत्पन्न हो गया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने हरियाणा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार अपनी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है, जो उचित नहीं है।
दुष्यंत चौटाला ने समाचार एजेंसी राष्ट्र प्रेस से बातचीत में कहा, 'सरकार अपने हर संसाधन का गलत प्रयोग कर रही है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने इस विषय पर एक बैठक की है, जिसमें यह निर्णय लिया गया है कि 27 अप्रैल को छात्रों के हित में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक हिसार के क्रांतिमान पार्क में होगी और आगे की कार्रवाई पर चर्चा की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में विश्वविद्यालय में एक ही राजनीतिक विचारधारा को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है, जिसके खिलाफ सभी छात्र संगठनों में रोष है। जैसे नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया और आम आदमी पार्टी का छात्र संगठन सभी ने आवाज उठाई है। यह लड़ाई किसी एक की नहीं है, इसमें सभी शामिल हैं।
दुष्यंत चौटाला ने चिंता जताते हुए कहा कि पिछले दो महीनों में चार छात्राओं ने आत्महत्या कर ली है। 48 घंटे पहले एक छात्रा ने आत्महत्या का प्रयास किया है, जिससे स्पष्ट होता है कि यहाँ दबाव बनाया जा रहा है। अगर कोई इस मुद्दे को उठाता है, तो उन्हें भी टर्मिनेट कर दिया जाता है। पार्टी ने निर्णय लिया है कि 27 अप्रैल को होने वाली बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पिछले 72 घंटे में उनकी दी गई शिकायत पर कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है, तो हम कैसे मान लें कि इस पर कोई कार्यवाही हो रही है? शिकायत में जान से मारने की धमकी का उल्लेख है। इसी कारण हम जनता की अदालत में जाएंगे और जो निर्णय होगा, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई करेंगे।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि वे अदालत भी जाएंगे और इस मामले की सही जांच कराने के लिए बात करेंगे, ताकि जनता के सामने सही तथ्यों का खुलासा हो सके। हरियाणा के डीजीपी ने उनके फोन का जवाब देना भी बंद कर दिया है। यदि मेरे साथ ऐसा व्यवहार किया जा रहा है, तो सोचिए जनता के साथ क्या हो रहा होगा।