क्या तेजस्वी यादव एसआईआर को लेकर कर रहे हैं गलत बयानबाजी?: गिरिराज सिंह
सारांश
मुख्य बातें
पटना, 5 अगस्त (राष्ट्र प्रेस)। बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। इस बीच, एसआईआर के मुद्दे पर सत्ताधारी पार्टी और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राजद नेता तेजस्वी यादव पर आरोप लगाते हुए कहा कि एसआईआर एक संवैधानिक व्यवस्था के तहत किया जा रहा है और यह एक सतत प्रक्रिया है, लेकिन राहुल गांधी और तेजस्वी यादव झूठ बोलते हैं। बिहार की जनता इनकी हकीकत जान चुकी है और आगामी विधानसभा चुनाव में इन्हें सबक सिखाने का काम करेगी।
गिरिराज सिंह ने तेजस्वी यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिन्होंने खुद को भावी मुख्यमंत्री घोषित किया है, वे स्वयं डबल वोटर कार्ड रखे हुए हैं। बिहार के मतदाता अब झूठे आरोपों से गुमराह होने वाले नहीं हैं। उन्हें चुल्लू भर पानी में डूबकर मरना चाहिए।
उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और कहा कि उन्हें सुप्रीम कोर्ट ने झूठ बोलने के लिए फटकार लगाई है। ये लोग केवल झूठ का सहारा लेकर अपनी सियासत चमका रहे हैं। राहुल गांधी पहले झूठ बोलते हैं और फिर माफी मांग लेते हैं। गांधी परिवार अब सुप्रीम कोर्ट को गाली देने लगा है। एसआईआर के मुद्दे पर हमने विरोध नहीं जताया है। जो मृत लोग हैं, उनका नाम काटा गया है। चुनाव आयोग पारदर्शिता के साथ अपना कार्य कर रहा है और आरोप लगाना गलत है। राहुल गांधी का आरोप है कि चीन ने हमारी ज़मीन पर कब्जा कर लिया है, यदि ऐसा है तो उन्हें सबूत देने चाहिए।
उत्तरकाशी में बादल फटने की घटना पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि यह बहुत दुखद है। दुख की इस घड़ी में भारत सरकार उत्तराखंड के लोगों के साथ खड़ी है। मैं प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करता हूँ कि जिस प्रकार उन्होंने समर्थन दिया है, वह दर्शाता है कि वे हर परिस्थिति में जनता के साथ हैं।
जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के निधन पर भी उन्होंने दुख व्यक्त किया और कहा कि मैं उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करता हूँ। इस दुख की घड़ी में ईश्वर परिवार को संबल प्रदान करें।