हमीरपुर में अग्निवीर भर्ती रैली: युवाओं ने की तेज़ दौड़, 500 कैंडिडेट्स ने लिया भाग
सारांश
Key Takeaways
- हमीरपुर में अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन
- 500 कैंडिडेट्स ने भाग लिया
- ग्राउंड टेस्ट और मेडिकल परीक्षा शामिल हैं
- 3400 युवाओं के शामिल होने की उम्मीद
- भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष
हमीरपुर, 10 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में भारतीय सेना द्वारा आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन चल रहा है, जिसमें ग्राउंड टेस्ट, मेडिकल परीक्षा और दस्तावेज़ सत्यापन शामिल हैं। दूसरे दिन लगभग 500 कैंडिडेट्स ने भाग लिया। आर्मी की गाइडलाइंस का पालन करते हुए, हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना से करीब 3,400 युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है।
हमीरपुर के एआरओ भर्ती कार्यालय के कर्नल श्रीधर राजन ने बताया कि यह भर्ती रैली 9 से 16 मार्च तक चलेगी, जबकि 17 तारीख को रिजर्व डे के रूप में रखा गया है। उन्होंने कहा कि भर्ती रैली में कॉमन एंट्रेंस एग्जाम से शॉर्टलिस्ट किए गए लगभग 4,000 कैंडिडेट्स को बुलाया गया था। आज दूसरा दिन है।
उन्होंने बताया कि भर्ती रैली की शुरुआत सुबह 1.6 किलोमीटर की दौड़ से होती है। इसके बाद शारीरिक परीक्षा, फिर दस्तावेज़ सत्यापन और इंटरव्यू होते हैं। जिन कैंडिडेट्स ने इन सभी प्रक्रियाओं को सफलतापूर्वक पूरा किया, वे मेडिकल टेस्ट के लिए आगे बढ़ते हैं, जिसके बाद आगे की प्रक्रिया की जाती है।
उन्होंने कहा कि शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए युवाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। हिमाचल प्रदेश वीर भूमि है और यहां के जवानों ने पूर्व में कई गैलेंट्री अवार्ड भी प्राप्त किए हैं। सभी अभ्यर्थियों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने मूल दस्तावेज़ के साथ समय पर भर्ती स्थल पर पहुंचे और सेना द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
एडिशनल डिस्ट्रिक्ट कमिश्नर अभिषेक गर्ग ने कहा कि अग्निवीर भर्ती अभी चल रही है, जिसे एआरओ हमीरपुर ने ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर समेत तीन जिलों के लिए आयोजित किया है। हमने चल रही भर्ती का दौरा किया और समीक्षा की। आज 500 लोगों को बुलाया गया था। सुबह दौड़ के बाद फिजिकल टेस्ट लिया गया। उम्मीदवारों के लिए यहां पीने के पानी के साथ अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
सेना के अधिकारियों की देखरेख में अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा करवाई जा रही है, जिसमें 1.6 किमी दौड़, बीम क्लाइम्बिंग सहित अन्य शारीरिक परीक्षण शामिल हैं। ग्राउंड टेस्ट में सफल होने वाले अभ्यर्थियों की मेडिकल जांच के बाद दस्तावेज़ों की गहन जांच की जा रही है, ताकि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।