क्या अरविंद केजरीवाल ने पंजाब को भगवंत मान के हवाले कर दिया?
सारांश
मुख्य बातें
बठिंडा, 25 अगस्त (राष्ट्र प्रेस)। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की प्रमुख नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर कड़ा प्रहार किया है।
उन्होंने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब को अरविंद केजरीवाल के हवाले कर दिया है और राज्य को केंद्र सरकार के ठेके पर सौंप दिया है।
हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि पंजाब इस समय संकट के दौर से गुजर रहा है, जहां आधा राज्य बाढ़ की चपेट में है, लेकिन सरकार और प्रशासन पूरी तरह से जिम्मेदारी निभाने में विफल हैं।
उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मुख्यमंत्री मान केवल फोटो खिंचवाने तक सीमित रहे और पीड़ितों की मदद के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। जबकि शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए पंप सेट, डीजल, प्लास्टिक पाइप, खाने के पैकेट और भोजन जैसी आवश्यक चीजें उपलब्ध कराईं। यह शर्मनाक है कि लाखों किसानों की फसलें बाढ़ में बर्बाद हो गईं, लेकिन सरकार ने उनकी सहायता के लिए कोई कदम नहीं उठाया।
हरसिमरत ने पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य में गुंडा राज स्थापित हो गया है और लोग चोरी, डकैती और लूटपाट से परेशान हैं।
उन्होंने तंज करते हुए कहा कि पंजाब सरकार विज्ञापनों पर खर्च होने वाले पैसे को अरविंद केजरीवाल की छवि को चमकाने में लगा रही है, जबकि इस राशि से गरीबों को आटा-दाल जैसी बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराई जानी चाहिए।
उन्होंने आटा-दाल योजना से 10 लाख से ज्यादा लाभार्थियों को हटाए जाने की भी आलोचना की और कहा कि इससे पंजाबियों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है।
हरसिमरत कौर बादल ने केंद्र और राज्य सरकारों से बाढ़ प्रभावित किसानों और गरीबों के लिए तत्काल राहत पैकेज की मांग की।
उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल हमेशा पंजाब के लोगों के साथ खड़ा रहेगा और उनकी हर संभव मदद करेगा। मैं सरकार से अपील करती हूं कि वह राजनीति से ऊपर उठकर बाढ़ पीड़ितों और किसानों की सहायता करे, ताकि पंजाब के लोग इस संकट से उबर सकें।