2027 में सपा की साइकिल होगी पंक्चर, 2017 की जीत दोहराएंगे: केशव प्रसाद मौर्य
सारांश
Key Takeaways
- डिप्टी सीएम का सपा पर हमला
- 2017 की जीत को दोहराने का इरादा
- भाजपा की चुनावी रणनीति पर जोर
लखनऊ, 22 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अति उत्साही सपा प्रमुख को मुंगेरी लाल के हसीन सपने देखना छोड़ देना चाहिए। साल 2027 में हम 2017 को पुनः दोहराने का इरादा रखते हैं।
केशव प्रसाद मौर्य ने लखनऊ में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि उन्होंने कई बार अखिलेश यादव को सलाह दी है कि उन्हें 2047 तक सत्ता में आने का सपना देखना बंद कर देना चाहिए। 2027 के विधानसभा चुनाव में हम सपा की साइकिल को पंक्चर करके सैफई भेजने का कार्य करेंगे। भाजपा सभी चुनावों में रिकॉर्ड बनाते हुए जीत हासिल करेगी, चाहे वह पंचायत के चुनाव हों या विधानसभा के।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले नेताओं में से एक बनने पर डिप्टी सीएम ने कहा कि यह हर भारतीय के लिए गर्व की बात है। पीएम मोदी ने गरीबों और किसानों के लिए शानदार कार्य किए हैं। उनका यह रिकॉर्ड न केवल हमारे लिए, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी मार्गदर्शक रहेगा।
डिप्टी सीएम ने एक पोस्ट में बधाई देते हुए लिखा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री के रूप में नेतृत्व करने पर पीएम मोदी को शुभकामनाएं। आपकी जनसेवा की अनवरत साधना जन-जन के अटूट विश्वास का प्रतीक है। आपके नेतृत्व में भारत ने विकास की नई गति प्राप्त की है।
उन्होंने आगे लिखा कि पंच प्रण के माध्यम से आपने आत्मविश्वासी भारत की आधारशिला रखी है। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि आपके नेतृत्व में देश नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे और विश्व मंच पर अपनी पहचान को और मजबूत करे।