क्या जनता ने महागठबंधन को नकार दिया है? शिवराज सिंह चौहान की प्रतिक्रिया
सारांश
मुख्य बातें
पटना, 6 नवंबर (राष्ट्र प्रेस)। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान संपन्न हो चुका है। इस दौरान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के नेताओं ने अपने बयानों में गठबंधन की जीत का विश्वास व्यक्त किया है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महागठबंधन को अब यह स्पष्ट हो गया है कि उसकी करारी हार निश्चित है।
शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्र प्रेस से बातचीत में कहा कि माता और बहनों ने मतदान किया। यह इस बात का संकेत है कि जनता ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए वोट दिया। जनता ने महागठबंधन को नकार दिया है, और जब जनता नकारती है तो ये लोग प्रतिक्रिया करते हैं।”
उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी पहले से ही वोट चोरी का बहाना बना रहे हैं और हार की साजिश रच रहे हैं।
शिवराज सिंह चौहान ने तेजस्वी यादव पर भी प्रहार करते हुए कहा कि अतिरिक्त घोषणा पत्र जारी करना इस बात का प्रमाण है कि उन्हें अपनी हार का पूरा अंदाजा है।
केंद्रीय मंत्री ने हाल ही में डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के काफिले पर हुए हमले की निंदा की और कहा कि यह 'जंगलराज और विपक्ष की बौखलाहट' का परिणाम है।
शिवराज ने कहा कि बिहार की जनता अब भ्रमित नहीं होगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन का समर्थन करेगी।
वहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि बिहार की जनता ने विकास और सुशासन के पक्ष में मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि जनता ने एनडीए के शासन में महिलाओं को सशक्त होते देखा है। हमारी सरकार ने महिलाओं को मुख्यधारा में लाने, रोजगार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए काम किया है। हम इन पहलों को और आगे बढ़ाना चाहते हैं, इसलिए मैं बिहार के लोगों से आग्रह करता हूं कि वे बढ़-चढ़कर मतदान करें।
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने एनडीए की एकजुटता और नेतृत्व को रेखांकित करते हुए कहा, “एनडीए के पांचों पांडव कौरवों पर भारी पड़ेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का अनुभव, चिराग पासवान का युवा जोश और उपेंद्र कुशवाहा का अनुभव एनडीए को मजबूत बनाएगा। बिहार में निश्चित रूप से एनडीए की सरकार बनेगी।