पीएम मोदी ने ममता सरकार पर कसा तंज, 'टीएमसी को राष्ट्रपति मुर्मु के अपमान के लिए माफ नहीं करेगी बंगाल की जनता'
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, ८ मार्च (राष्ट्र प्रेस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अपमान को लेकर पुनः मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जागरूक जनता टीएमसी को एक महिला के अपमान, एक आदिवासी के अपमान और देश के महामहिम राष्ट्रपति के अपमान के लिए कभी माफ नहीं करेगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "रविवार को देश अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मना रहा है और शनिवार को पश्चिम बंगाल में टीएमसी सरकार ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का घोर अपमान किया। द्रौपदी मुर्मु संथाल आदिवासी परंपरा के एक महत्वपूर्ण उत्सव में शामिल होने के लिए बंगाल गई थीं, लेकिन टीएमसी ने उस पवित्र कार्यक्रम का बहिष्कार किया।"
उन्होंने आगे कहा, "पश्चिम बंगाल की जागरूक जनता टीएमसी को एक महिला के अपमान के लिए, एक आदिवासी के अपमान के लिए और देश के महामहिम राष्ट्रपति के अपमान के लिए कभी माफ नहीं करेगी। देश भी माफ नहीं करेगा। देश का आदिवासी समाज और नारी शक्ति भी इसे कभी नहीं भूलेगी।"
इससे पूर्व, मोदी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा, "भारत आज महिला सशक्तिकरण की नई गाथा लिख रहा है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के कुशल नेतृत्व में राजधानी का विकास हो रहा है। राजनीति, प्रशासन, खेल, विज्ञान या समाज सेवा, भारत की नारी शक्ति एक नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रही है।"
उन्होंने कहा, "मैं आज महिला दिवस पर सभी नारी शक्तियों को दिल से बधाई देता हूं और उनके राष्ट्र के विकास में योगदान के लिए आभार व्यक्त करता हूं।"
दिल्ली में ३३,५०० करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रम में पीएम मोदी ने आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, "आज का कार्यक्रम इस बात का प्रमाण है कि एक वर्ष पहले दिल्ली ने जिस 'आपदा' से मुक्ति पाई, वह कितनी आवश्यक थी। अगर 'आपदा सरकार' (आम आदमी पार्टी सरकार) न होती, तो यह मेट्रो फेज ४ प्रोजेक्ट बहुत पहले ही पूरा हो चुका होता।"
पीएम मोदी ने कहा कि 'आपदा' वालों का तरीका था, काम कम और बहाने ज्यादा। आज दिल्ली में विकास का एक नया मॉडल है। पहले प्रोजेक्ट फाइलों में दम तोड़ते थे, आज प्रोजेक्ट जमीन पर उतरते हैं। भाजपा सरकार बनने के बाद दिल्ली के विकास में तेजी आई है।