मुंबई में ड्रग्स की बड़ी कार्रवाई: 26 लाख की MDMA गोलियों के साथ तस्कर गिरफ्तार
सारांश
Key Takeaways
- मुंबई पुलिस ने ड्रग्स के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है।
- गिरफ्तार आरोपी के पास से 26 लाख की MDMA गोलियां बरामद हुई हैं।
- पुलिस ने आरोपी के मोबाइल से अन्य संपर्क नंबर भी प्राप्त किए हैं।
- इस मामले में जांच जारी है।
मुंबई, 15 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) ने ड्रग्स के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए इरफान अली अंसारी नामक एक पेडलर को गिरफ्तार किया है।
आरोपी को साकीनाका इलाके से पकड़ा गया, जिसके पास से लगभग 200 एक्स्टेसी (एमडीएमए) की गोलियां बरामद की गई हैं। इन ड्रग्स की कुल कीमत लगभग 26 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हाल में नेस्को ग्राउंड में एक म्यूजिक शो के दौरान ड्रग्स ओवरडोज से दो युवकों की मौत हुई थी। इसके बाद से मुंबई पुलिस ने शहर में ड्रग्स और तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी इरफान अली अंसारी का नाम भी उस म्यूजिक इवेंट से जुड़ा हुआ है, जिससे उसकी भूमिका संदिग्ध हो गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इरफान अली अंसारी का आपराधिक इतिहास भी है। उसे 2021 में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने ड्रग्स तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया था, जिसमें उसने करीब चार साल जेल में बिताए और लगभग एक वर्ष पूर्व रिहा हुआ।
गिरफ्तारी के समय पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया, जिसमें म्यूजिक पार्टी में शामिल कई लोगों के संपर्क नंबर मौजूद हैं। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इरफान ने उसी पार्टी में ड्रग्स की सप्लाई की थी, उसने ये ड्रग्स किसे बेची और यह माल उसे कहाँ से प्राप्त हुआ?
आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां उसे 20 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की गहन जांच जारी है और पुलिस को आशा है कि इस कार्रवाई से ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा हो सकेगा।