मुंबई में ड्रग ओवरडोज से दो छात्रों की मौत: कॉलेज छात्र गिरफ्तार, एमडीएमए सप्लाई का आरोप
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 14 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। मुंबई में एक संगीत कार्यक्रम के दौरान ड्रग ओवरडोज के कारण दो एमबीए छात्रों की मौत के मामले में पुलिस ने एक महत्वपूर्ण खुलासा किया है। वनराई पुलिस के अनुसार, एक कॉलेज के छात्र को गिरफ्तार किया गया है, जिसने मृतक छात्रों को एमडीएमए की गोलियां दी थीं।
मुंबई पुलिस की जांच से पता चला है कि गिरफ्तार किए गए छात्र ने दोनों मृतकों को प्रति गोली 1600 रुपए में ड्रग्स बेची थीं। रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों छात्रों ने मिलकर चार गोलियां ली थीं, जिसके बाद उनकी स्थिति गंभीर हो गई और वे मौत के शिकार हो गए।
एक अन्य आरोपी को कल्याण से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि इस व्यक्ति ने कॉलेज छात्र को 6 से 7 एमडीएमए की गोलियां सप्लाई की थीं।
पुलिस का अनुमान है कि आरोपी छात्र ने बाकी गोलियां अपने ग्रुप के अन्य लोगों को दी होंगी या फिर खुद इस्तेमाल की होंगी। इस पहलू पर भी जांच चल रही है।
पुलिस ने यह भी आशंका जताई है कि इस मामले में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए 5 से 6 टीमों का गठन किया गया है, जो मामले की गहराई से जांच कर रही हैं और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क को उजागर करने का प्रयास कर रही है।
ज्ञातव्य है कि मुंबई के गोरेगांव पूर्व में एक म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान कथित ड्रग ओवरडोज से दो एमबीए छात्रों की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 11 अप्रैल को आयोजित एक म्यूजिक इवेंट के दौरान हुई थी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई के एक प्रतिष्ठित कॉलेज के करीब 15 से 16 छात्र इस कार्यक्रम में शामिल हुए थे। जांच में सामने आया है कि मृतकों में से एक छात्र ने कार्यक्रम स्थल पर जाने के दौरान कैब में ही एक्स्टेसी की गोली ली थी और बाद में कॉन्सर्ट में एक और गोली ली। डॉक्टरों ने ओवरडोज की पुष्टि की है।
दूसरे छात्र की मौत भी ड्रग्स से संबंधित बताई जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि दोनों छात्रों ने ड्रग्स का सेवन किया था। अब पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है, ताकि ड्रग्स की सप्लाई चेन और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके।