पटना में 'स्टैच्यू आफ गवर्नेंस' की स्थापना की मांग को लेकर भव्य रैली आयोजित
सारांश
Key Takeaways
- शिवाजी महाराज की गगनचुंबी प्रतिमा की स्थापना की मांग।
- रैली में हजारों लोगों की भागीदारी।
- सरकार से भूमि आवंटन की अपील।
- गंगा स्नान और जलाभिषेक का आयोजन।
- शिवाजी के आदर्शों को अपनाने का संकल्प।
पटना, 12 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। छत्रपति शिवाजी महाराज सामाजिक समरसता अभियान के अंतर्गत शिवाजी महाराज की प्रतिमा 'स्टैच्यू आफ गवर्नेंस' की स्थापना की मांग को लेकर रविवार को पटना के मरीन ड्राइव पर एक भव्य रैली आयोजित की गई।
इस रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने भाग लेकर एकजुटता का प्रदर्शन किया और 'स्टैच्यू आफ गवर्नेंस' के लिए सरकार से भूमि आवंटन की दृढ़ मांग की। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए शिवाजी परिवार के सदस्यों को मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली के समर्थकों का भी साथ मिला।
गंगा स्नान संकल्प महासंगम के बाद निर्धारित स्थल पर शिवाजी महाराज परिवार की ओर से जलाभिषेक कर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर 'जय भवानी, जय शिवाजी महाराज' के जयघोष गूंजते रहे। भाजपा नेता और अभियान के संयोजक प्रणव प्रकाश ने बताया कि पिछले कई वर्षों से छत्रपति शिवाजी महाराज की गगनचुंबी प्रतिमा हेतु ज़मीन आवंटन की मांग की जा रही है। पिछले साल भी मरीन ड्राइव पर इसी मांग के साथ बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए थे।
रैली से पूर्व शिवाजी परिवार ने गंगा स्नान कर संकल्प लिया कि चाहे भाजपा की सरकार हो या जदयू की, जन आकांक्षा के अनुरूप शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापित करनी होगी। आयोजक प्रणव प्रकाश ने कहा कि शिवाजी का गवर्नेंस मॉडल, ग्राम स्वराज, पिछड़ों और वंचितों को आवाज तभी मिलेगी जब नई पीढ़ी शिवाजी के आदर्शों को अपनाएगी।
उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज की विचारधारा से भारत को विकसित, आत्मनिर्भर और राष्ट्रधर्म की चेतना के साथ आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सरकार जल्द ही भूमि का आवंटन करेगी और 'स्टैच्यू आफ गवर्नेंस' को लेकर हम गांव-गांव घूम रहे हैं।