पंजाब के मोगा में तीन सरकारी स्कूलों को बम से उड़ाने की मिली धमकी
सारांश
Key Takeaways
- मोगा में तीन सरकारी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी।
- पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचे।
- विद्यार्थियों को सुरक्षित घर भेजा गया।
- जालंधर में भी धमकी की सूचना मिली।
- साइबर सेल मामले की जांच में सक्रिय है।
मोगा, 16 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। पंजाब के मोगा जिले के तीन सरकारी स्कूलों को बम से उड़ाने की खतरनाक धमकी मिली है। जैसे ही सूचना मिली, स्कूल में हड़कंप मच गया और पुलिस व प्रशासन को तुरंत सूचित किया गया।
जानकारी के अनुसार, मोगा के गोदेवाला सरकारी स्कूल, उग्घोके के सरकारी स्कूल और झंडिआना सरकारी स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी ईमेल के माध्यम से मिली है। इस धमकी के बाद दहशत का माहौल बन गया। स्कूल के प्रिंसिपल राजेश कुमार गर्ग ने इस मामले की सूचना अपने उच्च अधिकारियों और पुलिस प्रशासन को दी। पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। इसके साथ ही स्कूल में उपस्थित सभी विद्यार्थियों को घर भेज दिया गया।
अध्यापक तेजवंत सिंह संधू ने बताया कि रोजाना की तरह स्कूल में आए और रूटीन की जांच करते समय उन्हें मेल में देखा कि तीन सरकारी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इसके बाद स्कूल में माहौल तनावपूर्ण हो गया और बच्चों को बिना बताए घरों में भेज दिया गया। धमकी के कारण 9वीं कक्षा के विद्यार्थियों का पेपर रद्द कर दिया गया है।
वहीं, जालंधर में भी कई निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। स्कूल प्रबंधन को भेजे गए धमकी भरे ईमेल में कुछ स्कूलों, दिल्ली जाने वाली ट्रेनों, विधानसभा और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई थी। ईमेल मिलने के बाद संबंधित स्कूलों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। जालंधर पुलिस की टीमें एहतियातन कई स्कूलों में पहुंचीं और परिसर की जांच शुरू की। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए साइबर सेल भी सक्रिय कर दी गई है और ईमेल भेजने वाले की पहचान की जा रही है।