रांची में लूटपाट करने वाले संगठित गिरोह के 11 अपराधी गिरफ्तार
सारांश
Key Takeaways
- रांची पुलिस ने 11 अपराधियों को गिरफ्तार किया।
- गिरोह ने विभिन्न पेट्रोल पंपों और दुकानों में लूटपाट की थी।
- पुलिस ने कई हथियार और लूटे गए सामान बरामद किए।
- गिरोह का संचालन शाहबाज सलमान द्वारा किया जा रहा था।
- पुलिस अब अन्य फरार सदस्यों की तलाश कर रही है।
रांची, 29 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। रांची पुलिस ने हाल ही में जिले के विभिन्न थानों में हुई लूटपाट की छह घटनाओं का खुलासा करते हुए एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह के 11 अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए अपराधियों के पास से पुलिस ने एक देसी रिवाल्वर, चार जिंदा कारतूस, छह चाकू, लूटे गए मोबाइल फोन, नकदी, और वारदात में उपयोग की गई कार और मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर गठित एसआईटी ने तकनीकी सहायता और गुप्त सूचना के आधार पर इन अपराधियों को पकड़ने में सफलता प्राप्त की।
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह ने पिछले दिनों में डोरंडा, पुन्दाग, ओरमांझी, टाटीसिलवे और मेसरा जैसे क्षेत्रों में दहशत फैला रखी थी। गिरफ्तार अपराधियों ने स्वीकार किया है कि उन्होंने पुन्दाग स्थित पेट्रोल पंप, बीआईटी मेसरा क्षेत्र के दो पेट्रोल पंपों और टाटीसिलवे के गेल सीएनजी पंप पर हथियार के बल पर लूटपाट की थी।
इसके अतिरिक्त, गिरोह ने ओरमांझी में एक होटल के पास स्थित दुकान में लूटपाट के दौरान दुकानदार को चाकू मारकर घायल भी कर दिया था। पकड़े गए अपराधियों में जहीर उर्फ खान, फरहान खान उर्फ बबलू, शेख जीमल, अरसलान खान, मोहम्मद फैजान, सोएब अंसारी, शाहबाज सलमान, कासिफ युसूफ, शेख मुज्जमिल और राजा खान शामिल हैं।
इनमें से शाहबाज सलमान का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ कांके, हिन्दपीढ़ी, डोरंडा और बरियातू जैसे थानों में लूट और आर्म्स एक्ट के करीब 17 मामले पहले से दर्ज हैं। जहीर और फरहान के खिलाफ भी सिकिदिरी थाने में आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं। एसआईटी की इस छापेमारी टीम का नेतृत्व ग्रामीण और नगर पुलिस अधीक्षकों के निर्देशन में डीएसपी अमर कुमार पाण्डेय, संजीव कुमार बेसरा और अनुज उरांव कर रहे थे।
टीम में ओरमांझी, टाटीसिलवे, नामकुम और सदर थाना के प्रभारियों के साथ-साथ तकनीकी शाखा के विशेषज्ञ भी शामिल थे। पुलिस ने इनके पास से दो आईफोन सहित आधा दर्जन मोबाइल, दो स्कूटी, एक पल्सर मोटरसाइकिल और एक कार जब्त की है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में सघन छापेमारी कर रही है।