राहुल गांधी का पश्चिम बंगाल दौरा: संजय निरुपम ने उठाए सवाल
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 14 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। शिवसेना के नेता संजय निरुपम ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पश्चिम बंगाल दौरे पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यह सकारात्मक है कि राहुल गांधी पश्चिम बंगाल का दौरा कर रहे हैं। लेकिन, मेरा सीधा सवाल है कि राज्य में चुनावी बिगुल बजने पर ही उन्हें वहां की याद क्यों आई? आखिर वे पिछले पांच वर्षों में कहां थे?
निरुपम ने मंगलवार को राष्ट्र प्रेस से बातचीत में कहा कि पिछले 40 वर्षों से कांग्रेस पश्चिम बंगाल में सत्ता से बाहर है। यहां पार्टी की स्थिति शून्य हो चुकी है और कोई भी कांग्रेस को पूछने वाला नहीं। अब जब चुनावी बिगुल बज चुका है, तो यह अफसोस की बात है कि राहुल गांधी को पश्चिम बंगाल की याद आ रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल चुनाव के समय में जाने से राहुल गांधी को राज्य में कोई लाभ नहीं मिलने वाला है। मेरा सवाल है कि इन पांच वर्षों में कांग्रेस के कितने नेताओं ने पश्चिम बंगाल जाकर जनता से संवाद स्थापित करने का प्रयास किया?
यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जनता से संवाद के अभाव में कांग्रेस को हर चुनाव में हार का सामना करना पड़ता है। फिर पार्टी हार का आरोप चुनाव आयोग पर लगाती है, जो कि पूरी तरह से गलत है।
संजय निरुपम ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रमिकों की मांग को मानते हुए उनके न्यूनतम मजदूरी में वृद्धि का निर्णय लिया है, जिसका उन्होंने स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह एक सकारात्मक कदम है, क्योंकि श्रमिक हमारे अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं।
इसके साथ ही, उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और टीएमसी कार्यकर्ताओं की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि ये लोग लंबे समय से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की आलोचना कर रहे हैं। उन्हें समझना चाहिए कि एसआईआर की प्रक्रिया सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो रही है, इसलिए उन्हें सुप्रीम कोर्ट पर विश्वास रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि टीएमसी और उसके कार्यकर्ताओं को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वे एसआईआर के मुद्दे का जिक्र आम लोगों के बीच में न करें, क्योंकि यह सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो रहा है।
इसके अलावा, महाराष्ट्र के नासिक स्थित टीसीएस कंपनी में धर्मांतरण के मामले पर भी संजय निरुपम ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे गंभीर घटना बताया और कहा कि मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री ने इसे गंभीरता से लिया है। महाराष्ट्र पुलिस ने मामले में कार्रवाई की है और कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने कहा, "टीसीएस कंपनी, आप विश्व की सबसे प्रतिष्ठित कंपनियों में से एक हैं। लेकिन, दुख की बात है कि आपकी नाक के नीचे इतनी गंभीर घटना हो रही है और आपने कोई ध्यान नहीं दिया।"