क्या शुभेंदु अधिकारी ने मृतक संजय भौमिक के परिजनों से मुलाकात की, ममता सरकार पर किया हमला?
सारांश
मुख्य बातें
नदिया, 22 सितंबर (राष्ट्र प्रेस)। पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के नवद्वीप में तृणमूल पार्टी के गुंडों द्वारा भाजपा कार्यकर्ता संजय भौमिक की हत्या के मामले में राज्य के विपक्षी नेता शुभेंदु अधिकारी मृतक के परिवार से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार के सदस्यों से बातचीत की।
हाल ही में, विश्वकर्मा पूजा की रात नवद्वीप में एक भाजपा कार्यकर्ता की तृणमूल से जुड़े गुंडों ने कथित तौर पर बुरी तरह से पीटकर हत्या कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, जब संजय भौमिक नवद्वीप शहर के वार्ड नंबर छह में अपने घर लौट रहे थे, तो वहां कुछ युवक हंगामे में लगे थे। संजय ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके चलते उन पर हमला हुआ। जान बचाने के लिए जब वह अपने घर पहुंचे, तो गुंडों ने उनके घर पर भी हमला किया और उनकी बुरी तरह पिटाई कर दी। उन्हें नवद्वीप स्टेट जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इस घटना में शामिल चारों आरोपी पिछले पांच दिनों से फरार हैं।
स्थानीय भाजपा नेतृत्व ने पहले ही इस पर विरोध जताया था। पिछले शनिवार को, शुभेंदु अधिकारी ने मृतक संजय भौमिक के शव के सामने कहा था कि अगर 48 घंटे के भीतर अपराधियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो भाजपा बड़ा आंदोलन करेगी। इसके बाद, सोमवार को शुभेंदु अधिकारी और भाजपा नेता संजय भौमिक के परिवार से मिले।
इस मुलाकात के दौरान, उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री और सत्तारूढ़ पार्टी की कड़ी आलोचना की।
इसके बाद नदिया के नवद्वीप में एक विरोध जुलूस और रैली का आयोजन किया गया।