क्या वर्ष 2025 का विश्व इंटरनेट सम्मेलन वूचन शिखर सम्मेलन उद्घाटित हुआ?
सारांश
मुख्य बातें
बीजिंग, 7 नवम्बर (राष्ट्र प्रेस)। वर्ष 2025 का विश्व इंटरनेट सम्मेलन का वूचन शिखर सम्मेलन शुक्रवार को चीन के झेजियांग प्रांत के वूचन में शुरू हुआ। इसमें चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) की केंद्रीय समिति के पोलित ब्यूरो के सदस्य, प्रचार-प्रसार विभाग के प्रमुख ली शुलेई ने भाग लिया और अपने विचार व्यक्त किए।
इस वर्ष का शिखर सम्मेलन साइबरस्पेस में साझे भविष्य वाले समुदाय के निर्माण की अवधारणा की प्रस्तुति की 10वीं वर्षगांठ पर केंद्रित है। यह वैश्विक इंटरनेट क्षेत्र में विकास की नवीनतम उपलब्धियों को प्रदर्शित करेगा और नए विषयों तथा गतिविधियों का शुभारंभ करेगा।
जानकारी के अनुसार, वर्तमान वूचन शिखर सम्मेलन में उद्घाटन समारोह और मुख्य मंच के अलावा, वैश्विक विकास पहल, डिजिटल अर्थव्यवस्था, डेटा शासन, वैज्ञानिक अनुसंधान में एआई की भूमिका और सांस्कृतिक विरासत के डिजिटल संरक्षण व विकास पर 24 शाखा मंचों का आयोजन किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, नए कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें साइबरस्पेस में साझे भविष्य वाले समुदाय के निर्माण की अवधारणा की प्रस्तुति पर संगोष्ठी और एआई के विकास की स्थिति व तकनीकी नवाचार हॉटस्पॉट पर चर्चा शामिल हैं।
इसके अलावा, वैश्विक एआई के मानक विकास की रिपोर्ट भी जारी की जाएगी। वूचन शिखर सम्मेलन का एक भाग होने के नाते 'इंटरनेट का प्रकाश' एक्सपो 6 नवम्बर को आयोजित हुआ, जिसमें एआई प्रौद्योगिकी में नवाचार और औद्योगिक विकास की नवीनतम उपलब्धियां प्रदर्शित की गईं। इसमें 54 देशों और क्षेत्रों के 670 उद्यमों और संस्थाओं ने ऑनलाइन और ऑफलाइन भागीदारी की।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)