कमजोर वैश्विक संकेतों के चलते भारतीय शेयर बाजार में सपाट शुरुआत
सारांश
Key Takeaways
- भारतीय शेयर बाजार की सपाट शुरुआत
- सेंसेक्स में 148.13 अंक की गिरावट
- निफ्टी में 35 अंक की कमी
- रियल्टी और ऑयल एंड गैस शेयरों में गिरावट
- विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी
मुंबई, 16 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। भारतीय शेयर बाजार ने सोमवार को सपाट शुरुआत की। इस दौरान सेंसेक्स 148.13 अंक या 0.20 प्रतिशत की गिरावट के साथ 74,415.79 पर और निफ्टी 35 अंक या 0.15 प्रतिशत की हल्की कमी के साथ 23,116.10 पर खुला।
बाजार में चौतरफा गिरावट दर्ज की गई है। शुरुआती कारोबार में निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 159 अंक या 0.29 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 54,629 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 145 अंक या 0.77 प्रतिशत की कमी के साथ 15,750 पर था।
गिरावट का कारण रियल्टी और ऑयल एंड गैस शेयर रहे, जो निफ्टी रियल्टी और निफ्टी ऑयल एंड गैस के शीर्ष लूजर्स थे। डिफेंस, पीएसई, एनर्जी, उपभोक्ता टिकाऊ, मीडिया, ऑटो, इन्फ्रास्ट्रक्चर, पीएसयू बैंक और आईटी भी लाल निशान में थे। जबकि मेटल, एफएमसीजी, कमोडिटीज, फार्मा, प्राइवेट बैंक, हेल्थकेयर और फाइनेंशियल सर्विसेज हरे निशान में रहे।
सेंसेक्स पैक में अल्ट्राटेक सीमेंट, आईटीसी, टाटा स्टील, इंडिगो, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, एसबीआई, बजाज फाइनेंस, एचसीएल टेक और एचयूएल हरे निशान में थे। वहीं, बीईएल, एमएंडएम, ट्रेंट, पावर ग्रिड, भारती एयरटेल, एशियन पेंट्स, एनटीपीसी, टेक महिंद्रा, मारुति सुजुकी, बजाज फिनसर्व, इटरनल, आईसीआईसीआई बैंक और एक्सिस बैंक लाल निशान में थे।
ज्यादातर एशियाई बाजार में भी गिरावट देखी गई। टोक्यो, शंघाई, बैंकॉक और जकार्ता लाल निशान में थे। जबकि सोल और हांगकांग हरे निशान में रहे। अमेरिकी बाजार भी शुक्रवार के कारोबारी सत्र में लाल निशान में बंद हुए। इस दौरान टेक्नोलॉजी इंडेक्स नैस्डैक में करीब 1 प्रतिशत की गिरावट आई।
विदेशी निवेशकों की बिकवाली का दौर जारी है। पिछले कारोबारी सत्र में विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 10,716.64 करोड़ रुपए की इक्विटी में बिकवाली की। जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने इक्विटी मार्केट में 9,977.42 करोड़ रुपए का निवेश किया।
मध्य पूर्व में तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी बनी हुई है। खबर लिखे जाने तक ब्रेंट क्रूड की कीमत 1.12 प्रतिशत बढ़कर 104.3 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई क्रूड का दाम 0.43 प्रतिशत बढ़कर 99.13 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है।