अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर अभिजीत घोषाल का नया गाना 'वो है मां' लॉन्च, दिल को छूने वाला
सारांश
Key Takeaways
- गाना 'वो है मां' महिलाओं के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
- अभिजीत घोषाल ने भावनाओं को सरल शब्दों में व्यक्त किया है।
- गाने में आधुनिक और पारंपरिक वाद्यों का समावेश किया गया है।
- यह गाना हर उम्र के श्रोताओं को आकर्षित करने में सक्षम है।
- यह गाना मां और सभी महिलाओं की महत्ता को उजागर करता है।
नई दिल्ली, 5 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। भावनाओं को व्यक्त करने का सबसे बेहतरीन माध्यम म्यूजिक है। इसी सिलसिले में, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए 'सा रे गा मा पा' के प्रसिद्ध गायक अभिजीत घोषाल ने नया गाना 'वो है मां' लॉन्च किया। यह गाना महिलाओं के विभिन्न रूपों में से 'मां' को समर्पित है, जो प्यार, देखभाल और शक्ति के साथ बच्चों की ज़िंदगी को संजीवनी प्रदान करती हैं।
वास्तव में, हर व्यक्ति के जीवन में मां की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। इस भावना को अपने नए गाने के माध्यम से अभिजीत घोषाल ने सरल शब्दों में व्यक्त करने का प्रयास किया है। उनका मानना है कि मां केवल वह नहीं होती, जिसने हमें जन्म दिया, बल्कि हर वह महिला मां जैसी होती है जो हमें संभालती है, सही रास्ता दिखाती है और कठिन समय में हमारा साथ देती है।
अभिजीत घोषाल ने कहा, "यह गाना मेरे दिल के बहुत करीब है। मैं लंबे समय से ऐसा गाना लिखना चाहता था जो लोगों के दिलों को छू सके। इस बार मेरी कोशिश थी कि गाना इतना सरल हो कि कोई भी इसे सुनकर तुरंत जुड़ाव महसूस कर सके। गाना ऐसा होना चाहिए जैसे कोई अपने सबसे करीबी व्यक्ति से दिल की बातें कर रहा हो।"
उन्होंने कहा, "इस गाने की प्रेरणा मेरे अपने जीवन से आई है, खासकर मेरी मां झरना से, जो हमेशा प्यार, समर्थन और प्रेरणा देती हैं। मां ने मुझे हमेशा जीवन में आगे बढ़ने की ताकत दी और मेरा हौसला बढ़ाया। यही वजह है कि यह गाना मैंने अपनी मां और उन सभी महिलाओं को समर्पित किया है जो किसी न किसी रूप में दूसरों के जीवन को बेहतर बनाती हैं।"
अभिजीत ने कहा, "गाना 'वो है मां' केवल शब्दों के स्तर पर ही नहीं, बल्कि संगीत के स्तर पर भी खास बनाने का प्रयास किया गया है। इसमें आधुनिक और पारंपरिक दोनों प्रकार के वाद्यों का समावेश किया गया है, ताकि हर उम्र के श्रोता इससे जुड़ सकें। गाने में ड्रम्स, गिटार, बास, काजोन, परकशन और तबला जैसे वाद्य सुनाई देंगे। इन सभी वाद्यों का मेल गीत को एक अनोखी मिठास प्रदान करता है। संगीत ऐसा रखा गया है कि वह शांति प्रदान करे और दिल में गहराई से उतर जाए।"