'द 50' से बाहर होने के बाद दिव्या अग्रवाल का बड़ा फैसला: अब नहीं करेंगी कोई रियलिटी शो
सारांश
Key Takeaways
- दिव्या अग्रवाल ने 'द 50' से बाहर होने के बाद रियलिटी शोज से दूरी बनाने का फैसला किया है।
- उन्होंने अपने फैंस की इच्छाओं के चलते शो में भाग लिया था।
- अब उनका ध्यान केवल अभिनय करियर पर है।
- रियलिटी शोज का अनुभव कई बार असहज था।
- दिव्या ने पहले भी कई रियलिटी शोज में भाग लिया है।
मुंबई, 6 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। रियलिटी शोज की दुनिया हमेशा से ड्रामा, रणनीति और कड़ी टक्कर के लिए जानी जाती है। इन शोज में भाग लेने वाले व्यक्तियों को मानसिक और शारीरिक दोनों ही तरह से कड़ी मेहनत करनी पड़ती है। अक्सर यह अनुभव कलाकारों के लिए सीख से भरा होता है। इसी क्रम में रियलिटी शो 'द 50' से बाहर होने के बाद अभिनेत्री दिव्या अग्रवाल ने राष्ट्र प्रेस को दिए एक इंटरव्यू में महत्वपूर्ण बयान दिया। उन्होंने खुलासा किया कि शो का अनुभव उनके लिए कैसा रहा और अब वह अपने करियर को किस दिशा में आगे बढ़ाना चाहती हैं।
दिव्या ने राष्ट्र प्रेस से बातचीत में कहा, ''मुझे इस बात की खुशी है कि मैं अब इस शो से बाहर आ चुकी हूं। यह शो काफी हद तक मेल डॉमिनेटेड था और इसमें बहुत अधिक फिजिकल एक्टिविटी शामिल थी। शो में हर कोई खुद को नोटिस करवाने की कोशिश कर रहा था। इस कारण कई बार प्रतियोगियों ने एक-दूसरे के बारे में अजीब और अनचाही बातें भी कही। ऐसा माहौल कई बार असहज कर देने वाला होता था।''
दिव्या ने आगे कहा, ''मैंने यह शो अपने फैंस की वजह से किया था। लंबे समय से मेरे फैंस मुझसे कह रहे थे कि मुझे एक और रियलिटी शो में हिस्सा लेना चाहिए। इसी कारण मैंने 'द 50' में भाग लेने का निर्णय लिया था।''
उन्होंने स्पष्ट किया, "अब मैं किसी भी प्रकार का रियलिटी शो नहीं करूंगी। मेरा ध्यान केवल अभिनय पर रहेगा। मैं अपने अभिनय करियर पर पूरा ध्यान केंद्रित करना चाहती हूं।''
दिव्या अग्रवाल के करियर की बात करें तो उन्होंने मनोरंजन की दुनिया में अपनी पहचान एक रियलिटी शो प्रतियोगी के रूप में बनाई। साल 2017 में उन्होंने 'एमटीवी स्प्लिट्सविला 10' में भाग लिया और इसी शो में वह अभिनेता प्रियांक शर्मा के साथ रनर-अप रहीं, जिससे उन्हें बड़ी पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने कई रियलिटी शोज और टीवी प्रोजेक्ट्स में काम किया और धीरे-धीरे दर्शकों के बीच प्रसिद्ध होती चली गईं।
2018 में दिव्या ने 'एमटीवी ऐस ऑफ स्पेस' में भाग लिया और इस शो की विजेता बनीं। उनकी इस जीत ने उन्हें टीवी इंडस्ट्री में और मजबूत पहचान दिलाई। इसके बाद उन्होंने अभिनय में डेब्यू किया और हॉरर वेब सीरीज 'रागिनी एमएमएस: रिटर्न्स' के दूसरे सीजन में नजर आईं। उनके करियर में बड़ा मोड़ तब आया जब वह 'बिग बॉस ओटीटी सीजन 1' की विजेता बनीं। इस जीत के बाद उनकी लोकप्रियता में जबरदस्त इजाफा हुआ और उन्हें कई वेब सीरीज, म्यूजिक वीडियो और अन्य प्रोजेक्ट्स के ऑफर मिलने लगे।