जॉय मुखर्जी की पहली फिल्म के ऑफर को 'शागिर्द' ने किया था अस्वीकार, फिर कैसे बदला फैसला?
सारांश
Key Takeaways
- जॉय मुखर्जी का जन्म 24 फरवरी 1939 को झांसी में हुआ।
- उनकी पहली फिल्म 'हम हिंदुस्तानी' थी।
- जॉय ने कई हिट फिल्में दीं, जिनमें 'लव इन शिमला' शामिल है।
- वे बॉलीवुड के प्रसिद्ध मुखर्जी परिवार से ताल्लुक रखते थे।
- 9 मार्च 2012 को उनका निधन हो गया।
मुंबई, 23 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। सिनेमा की दुनिया में कई ऐसे नाम हैं जो अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका अभिनय, शैली और विशिष्टता उन्हें दर्शकों के दिलों में अमर बनाए हुए हैं। ऐसे ही एक अभिनेता थे 'शागिर्द' के जॉय मुखर्जी...उनकी रोमांटिक शैली, मनमोहक चेहरे और हिट फिल्मों ने उन्हें सभी का प्रिय बना दिया।
24 फरवरी को 1960 के दशक के प्रसिद्ध अभिनेता जॉय मुखर्जी की जयंती है। उन्हें अपने रोमांटिक अंदाज, सुंदर चेहरे और सुपरहिट फिल्मों के लिए 'दिल की धड़कन' के नाम से जाना जाता था। जॉय मुखर्जी का जन्म 24 फरवरी 1939 को झांसी में हुआ। वह फिल्म निर्माता शशधर मुखर्जी के पुत्र और अशोक कुमार के भांजे थे। बॉलीवुड के प्रसिद्ध मुखर्जी परिवार से जुड़े जॉय ने 1960 के दशक में कई सुपरहिट फिल्में दीं, जिनमें से अधिकांश में ओ.पी. नैय्यर का संगीत था।
जॉय के पिता, शशधर मुखर्जी, झांसी से मुंबई आए और साउंड रिकॉर्डिस्ट बनने के बजाय बॉम्बे टॉकीज के मालिक हिमांशु रॉय के साथी बन गए। उन्होंने किस्मत, बंधन, झूला, अनारकली और नागिन जैसी क्लासिक फिल्मों का निर्माण किया। जॉय के मामा अशोक कुमार थे।
जॉय मुखर्जी की फिल्मों में आने की कहानी दिलचस्प है। उन दिनों, जॉय के रिश्तेदार और अभिनेत्री रानी मुखर्जी के पिता राम मुखर्जी फिल्म 'हम हिंदुस्तानी' बना रहे थे, जो साल 1960 में रिलीज हुई थी। उस फिल्म में उन्हें सुनील दत्त के छोटे भाई का रोल ऑफर किया गया, लेकिन कॉलेज में कुश्ती, टेनिस और फुटबॉल में व्यस्त जॉय ने मना कर दिया। इसके बाद मेकर्स ने रकम कई गुना बढ़ाकर उन्हें फिर से फिल्म में आने का प्रस्ताव दिया। जब ऑफर की रकम 15 रुपए से बढ़कर 200 रुपए हो गई, तो जॉय को लगा कि इससे कॉलेज का जेब खर्च निकल आएगा। इस वजह से उन्होंने हामी भर दी। यह उनकी पहली फिल्म बनी, जिसमें मुख्य भूमिका में सुनील दत्त और आशा पारेख थे। जॉय को छोटा रोल मिला और उनकी हीरोइन हेलन थीं, क्योंकि कोई बड़ी अभिनेत्री तैयार नहीं हुई।
जॉय के करियर की असली शुरुआत लव इन शिमला से हुई, जिसे आर.के. नैय्यर ने निर्देशित किया था। इसमें जॉय ने साधना के साथ डेब्यू किया और यह फिल्म सुपरहिट रही। इस फिल्म से दोनों स्टार बन गए। इसके बाद जॉय ने कई हिट फिल्में कीं, जिनमें फिर वही दिल लाया हूं, लव इन टोक्यो, जिद्दी, एक मुसाफिर एक हसीना, शागिर्द, इशारा, आओ प्यार करें शामिल हैं।
इनमें से ज्यादातर फिल्मों में ओ.पी. नैय्यर का संगीत था। जॉय ने निर्देशन और निर्माण में भी हाथ आजमाना शुरू किया। उन्होंने साल 1968 में शर्मिला टैगोर और माला सिन्हा के साथ हमसाया, साल 1977 में राजेश खन्ना और जीनत अमान के साथ मिस बॉम्बे और छैला बाबू बनाईं। छैला बाबू उन्होंने खुद निर्देशित भी की, लेकिन ये फिल्में ज्यादा नहीं चलीं और आर्थिक मुश्किलों में घिर गए। लिहाजा बाद में उन्हें कुछ कमजोर फिल्मों जैसे एहसान, मुजरिम, आग और दाग, कहीं आर कहीं पार, और कहानी फूलन की में काम करना पड़ा।
9 मार्च 2012 को मुंबई में 73 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया।