कुमार विश्वास बोले: 'शांतिप्रिय कश्मीरी पंडितों को अपनों ने किया बेघर'
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, १८ अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। कश्मीर घाटी में आतंकवादियों द्वारा कश्मीरी पंडितों पर हुई हिंसा और उनके पलायन की घटनाएं आज भी लोगों के मन में ताजा हैं। इस विषय पर समय-समय पर चर्चा होती रहती है।
फिल्म धुरंधर के रिलीज के बाद से कश्मीरी पंडितों के नरसंहार के बारे में अधिक बातें सुनने को मिल रही हैं। इसका मुख्य कारण यह है कि फिल्म के निर्देशक आदित्य धर स्वयं कश्मीरी पंडित हैं। हाल ही में कवि कुमार विश्वास ने एक पॉडकास्ट में आदित्य धर और कश्मीरी पंडितों के दर्द पर कुछ महत्वपूर्ण बातें साझा की। इस क्लिप को निर्देशक अशोक पंडित ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी में साझा कर उनकी सराहना की।
कुमार विश्वास ने कहा, "आदित्य धर विस्थापित कश्मीरी पंडित हैं। इस देश के एक प्रदेश में रहने वाले शांतिप्रिय लोगों को राजनीतिक निर्लज्जता के कारण अपना घर छोड़ना पड़ा। पूरा हिंदुस्तान इसकी बौद्धिक चेतना, सो-कॉल्ड प्रोपगैंडा, और सरकारों की नपुंसकता के साथ देखता रहा।"
उन्होंने आगे कहा, "सैंतालीस तो मैंने मान लिया कि अंग्रेज गए, लेकिन अब यह किसने किया था? सोचिए, कोई व्यक्ति अपने घर में बैठा सुबह-सुबह शंकर का जाप करता है, अचानक गुंडों ने कहा, 'सुबह तक छोड़ दो, वरना हम तुम्हें मार देंगे।'
कुमार विश्वास ने कहा कि आतंकियों ने सरकारी अधिकारियों और जजों को गोली मारी और चौराहों पर आतंक फैलाया। फिर भी दिल्ली चुप रही। किसकी भी सरकार थी, सब चुपचाप तमाशा देखते रहे। उन्होंने सवाल उठाया, "क्या किसी ने जम्मू में उनके शिविरों पर फिल्म बनाई?"
अशोक पंडित भी एक कश्मीरी पंडित हैं और कश्मीरी पंडितों की व्यथा को समझते हैं कि उन्हें कश्मीर से भगाया गया था और वहां पर उनकी बड़ी संख्या में हत्या की गई।