कुणाल कामरा का एकनाथ शिंदे पर टिप्पणी विवाद: विधान परिषद समिति में पेश हुए
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 9 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के संदर्भ में की गई टिप्पणियों के मामले में स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा गुरुवार को महाराष्ट्र विधान परिषद की विशेषाधिकार समिति के समक्ष उपस्थित हुए।
कुणाल कामरा अपने वकील के साथ समिति में पहुंचे और उन्होंने एक विशेष टी-शर्ट पहन रखी थी जिस पर लिखा था—"बुरा नहीं हुआ बस… आपको अच्छा नहीं लगता।" यह टी-शर्ट उनकी उपस्थिति में आकर्षण का केंद्र बनी रही।
यह मामला कुणाल कामरा द्वारा एकनाथ शिंदे के खिलाफ की गई टिप्पणियों से संबंधित है, जिसे विधान परिषद के सदस्यों ने विशेषाधिकार का उल्लंघन मानते हुए गंभीरता से लिया। समिति ने कामरा को समन भेजकर उनके बयान दर्ज करने का निर्णय लिया। समिति के समक्ष उपस्थित होने से पहले उन्होंने कोई विशेष टिप्पणी नहीं की और शांतिपूर्वक अपने विचार रखे।
कुणाल कामरा अपने व्यंग्यात्मक स्टैंड-अप कॉमेडी के लिए प्रसिद्ध हैं और वे अक्सर राजनीति, समाज और वर्तमान घटनाओं पर अपने विचार व्यक्त करते हैं। उनकी कई टिप्पणियां विवादों में रही हैं। इस मामले में विशेषाधिकार समिति की बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है। समिति यह जाँच कर रही है कि क्या कामरा की टिप्पणियों ने विधान परिषद के सदस्यों के विशेषाधिकार का उल्लंघन किया है या नहीं।
जानकारी के अनुसार, मुंबई के खार पुलिस थाने में कुणाल कामरा के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। ये शिकायतें महाराष्ट्र के विभिन्न स्थानों से खार पुलिस थाने में स्थानांतरित की गई थीं। यह एफआईआर बुलढाना, नासिक और ठाणे जिलों से दर्ज की गई थी और इनकी जांच खार पुलिस द्वारा की जा रही है।
मुंबई पुलिस के अनुसार, कामरा पर आरोप है कि उन्होंने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियाँ कीं। इस मामले में उन्हें कई बार पूछताछ के लिए बुलाया गया, लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए। खार पुलिस ने हीबिटेट स्टूडियो से जुड़े कई लोगों से पूछताछ कर उनके बयान ले लिए हैं।
कमीडियन को पिछले साल बॉम्बे हाई कोर्ट से राहत मिली थी। कोर्ट ने कामरा की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी थी और आदेश दिया कि उनके 'गद्दार' टिप्पणी के मामले में गिरफ्तार न किया जाए।