राजीव खंडेलवाल का छोटे पर्दे पर धमाकेदार लौटना, ‘तुम हो ना – घर की सुपरस्टार’ में होंगे होस्ट
सारांश
Key Takeaways
- राजीव खंडेलवाल छोटे पर्दे पर लौट रहे हैं।
- ‘तुम हो ना – घर की सुपरस्टार’ का प्रीमियर 28 अप्रैल को होगा।
- शो में घरेलू महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।
- राजीव ने पहले भी कई रियलिटी शो की मेज़बानी की है।
- उनका करियर कई सफल टीवी सीरियलों और फिल्मों से भरा है।
मुंबई, 14 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। अभिनेता राजीव खंडेलवाल छोटे पर्दे पर एक शानदार वापसी के लिए तैयार हैं। वह नए गेम रियलिटी शो ‘तुम हो ना – घर की सुपरस्टार’ के होस्ट के रूप में टीवी पर दिखाई देंगे। इस शो का प्रीमियर 28 अप्रैल को सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर होगा।
इस शो में आम घरेलू महिलाओं को अपने परिवार के साथ मंच पर आकर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।
शो के निर्माताओं ने एक प्रोमो जारी किया है, जिसमें राजीव खंडेलवाल एक प्रतियोगी अवंतिका और उनके पति के साथ बातचीत करते नजर आ रहे हैं। अवंतिका ने अपने मॉडलिंग करियर को छोड़कर गृहणी बनने का निर्णय लिया है। राजीव उनसे कहते हैं, “आपने मॉडलिंग का पेशा छोड़ दिया और अब आप एक होममेकर हैं।” भावुक होकर अवंतिका के पति बताते हैं कि उनकी पत्नी ने बच्चों के लिए अपना करियर त्याग दिया है। पति कहते हैं, “मैंने हजार बार कहा है कि अगर तुम करियर करना चाहती हो तो मैं घर संभाल लूंगा।”
अवंतिका के पति उन्हें हाई हील्स गिफ्ट करते हुए कहते हैं, “8 साल हो गए, मैंने तुम्हें हाई हील्स में नहीं देखा, आज मैं तुम्हें इस मंच पर देखना चाहता हूं।” इस पर राजीव खंडेलवाल उन्हें प्रोत्साहित करते हुए कहते हैं, “यह मंच आपका है। यह पल आपका है।” प्रोमो में राजीव के साथ यह जोड़ी मंच को रैंप की तरह इस्तेमाल करते हुए नजर आ रही है।
राजीव खंडेलवाल पिछली बार टीवी पर ‘अमर विश्वास’ में दिखे थे। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘फिल्मी चक्कर’ सीरीज को निर्देशित करके की थी। एक्टर के रूप में उन्हें पहला बड़ा ब्रेक ‘कहीं तो होगा’ में मिला। इसके बाद उन्होंने ‘टाइम बम 9/11’, ‘सुन लेना’, ‘लेफ्ट राइट लेफ्ट’ और ‘रिपोर्टर्स’ जैसी कई सीरीज में काम किया।
साल 2008 में फिल्म ‘आमिर’ से बॉलीवुड में डेब्यू करने वाले राजीव ने ‘शैतान’, ‘साउंडट्रैक’, ‘टेबल नंबर 21’ और ‘सम्राट एंड कंपनी’ जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया। वेब सीरीज में उन्होंने 2018 में ‘हक से’ और 2019 में दिव्यांका त्रिपाठी के साथ ‘कोल्ड लस्सी और चिकन मसाला’ में काम किया।
अभिनय के अलावा, राजीव रियलिटी शो होस्ट भी कर चुके हैं। उन्होंने ‘डील या नो डील’, ‘सच का सामना’, ‘सुपर कार्स’ और ‘माई एंडेवर’ जैसे कई शो की मेज़बानी की है।