उज्जैन में धूमधाम से 'चेटी चंड' का पर्व मनाया गया, सितारों की उपस्थिति में रैली निकाली गई
सारांश
Key Takeaways
- उज्जैन में चेटी चंड पर्व का धूमधाम से आयोजन हुआ।
- मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रैली को हरी झंडी दिखाई।
- बॉलीवुड सितारे जयाप्रदा, आफताब और कुश शाह ने समारोह में भाग लिया।
- भगवान झूलेलाल की जयंती का पर्व सिंधी नववर्ष का प्रतीक है।
- सिंधी समुदाय का योगदान हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण रहा है।
उज्जैन, 20 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में हर साल की तरह इस बार भी सिंधी समुदाय का प्रमुख पर्व 'चेटी चंड' बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। यह पर्व भगवान झूलेलाल की जयंती और सिंधी नववर्ष का प्रतीक है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रैली को हरी झंडी दिखाकर समारोह का शुभारंभ किया। समारोह में बॉलीवुड और टीवी के कुछ मशहूर सितारे भी शामिल हुए, जिनमें फिल्म अभिनेत्री और राजनेता जयाप्रदा, अभिनेता आफताब शिवदासानी और प्रसिद्ध टीवी कलाकार कुश शाह शामिल हैं।
सभी अतिथि विंटेज कारों में सवार होकर रैली का हिस्सा बने। आयोजक महेश परियानी और सिंधी समाज के सदस्यों ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस रैली में भगवान झूलेलाल की आकर्षक झांकी के साथ बाबा महाकाल की झांकी भी निकाली गई, जिसने दर्शकों का ध्यान खींचा। लोग रैली का स्वागत करते हुए रास्तों पर फूल बरसाते रहे।
इस अवसर पर अभिनेत्री जया प्रदा ने कहा, ''मुझे उज्जैन आकर हमेशा एक अलग आनंद मिलता है। जब भी मैं उज्जैन आती हूं, तो बाबा महाकाल के दर्शन का अनुभव होता है। भगवान झूलेलाल को समर्पित इस पर्व पर मुझे बुलाने पर गर्व महसूस हो रहा है। आज सिंधी समाज ने देश की प्रगति में जो योगदान दिया है, वह हर क्षेत्र में दिखाई देता है। चाहे व्यापार हो या शिक्षा, हर क्षेत्र में सिंधी समाज की अहम भूमिका रही है। मैं आयोजन के लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव का भी धन्यवाद करना चाहती हूं।''
बॉलीवुड अभिनेता आफताब शिवदासानी ने कहा, ''यह मेरा उज्जैन आने का पहला अनुभव है और यहां आकर मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। उम्मीद करता हूं कि महाकाल मुझे हमेशा बुलाते रहें। यहां आकर लोगों से जो प्यार मिला है, उसके लिए मैं उनका शुक्रगुजार हूं। मैं आशा करता हूं कि अगले साल भी मुझे बुलाया जाएगा। उज्जैन का यह अनुभव वास्तव में बेहद खास है। मैंने पहली बार महाकाल मंदिर के दर्शन किए और यह मेरे लिए जीवनभर की याद बन गया।''
अभिनेता कुश शाह ने भी समारोह में अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, ''उज्जैन नगरी में आकर हमेशा मजा आता है। मैं सभी सिंधी भाइयों और बहनों को नववर्ष की ढेर सारी बधाइयां देना चाहता हूं। मेरी कामना है कि आपका हर साल खुशियों और समृद्धि से भरा रहे।''
चेटी चंड पर्व चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया को मनाया जाता है। यह दिन सिंधी समाज के लिए नया साल शुरू होने का प्रतीक है। पर्व का नाम 'चेटी चंड' दो शब्दों से मिलकर बना है- 'चेटी' यानी चैत्र मास और 'चंड' यानी चंद्रमा के दर्शन। इस दिन भगवान झूलेलाल की जयंती होती है, जिन्हें सिंधियों में जल और नदी का देवता माना जाता है।
सिंध प्रांत में, जब सिंधियों पर शासक मीरकशाह का दबाव बढ़ा और उनके धर्म परिवर्तन की कोशिशें होने लगीं, तब झूलेलाल ने 40 दिनों तक वरुण देवता से प्रार्थना की। कहा जाता है कि इस प्रार्थना के बाद उन्होंने अपने समुदाय को संकट से बचाया। यही कारण है कि आज भी सिंधी समाज झूलेलाल को अपनी सुरक्षा और भलाई के देवता के रूप में मानता है। इस पर्व में पारंपरिक झांकियां, भजन, रैली और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।