चीन का एचएच-200 वाणिज्यिक मानव रहित परिवहन विमान: सफल पहली उड़ान
सारांश
मुख्य बातें
बीजिंग, 15 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। चीनी उड्डयन उद्योग समूह द्वारा विकसित किए गए एचएच-200 वाणिज्यिक मानव रहित परिवहन विमान की पहली उड़ान बुधवार की सुबह पश्चिमी चीन के वेइनान में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। यह घटना चीनी वाणिज्यिक मानव रहित परिवहन क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण प्रगति मानी जाती है।
उड़ान के दौरान विमान की सभी व्यवस्थाएं सुचारू थीं और निर्धारित लक्ष्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
एचएच-200 विमान का स्टैंडर्ड कार्गो स्पेस 12 घनमीटर है, जिसे 18 घनमीटर तक बढ़ाया जा सकता है। यह विमान अधिकतम 1.5 टन वस्तुएं ले जाने में सक्षम है। इसकी क्रूजिंग स्पीड 310 किलोमीटर प्रति घंटा है और यह 2,360 किलोमीटर तक की दूरी तय कर सकता है।
जानकारी के अनुसार, एचएच-200 में विभिन्न वातावरणों के अनुकूलन की अद्भुत क्षमता है। यह 500 मीटर के छोटे रनवे पर उड़ान भरने और उतरने में सक्षम है तथा 4,200 मीटर ऊंचे पठार स्थित हवाई अड्डों पर भी कार्य कर सकता है। यह माइनस 40 डिग्री सेल्सियस से लेकर 50 डिग्री सेल्सियस तक के तापमान और जटिल मौसम स्थितियों में उड़ान भरने की क्षमता रखता है।
बताया गया है कि एचएच-200 का उपयोग मुख्य रूप से चीन के सीमावर्ती और समुद्री क्षेत्रों, सीमा पार शाखा कार्गो परिवहन, दक्षिण पूर्व एशिया में द्वीपों पर वस्तुओं के परिवहन, और बेल्ट एंड रोड परियोजना से जुड़े देशों के हवाई परिवहन नेटवर्क में किया जाएगा।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)