क्या चीन-जापान तनाव रेयर अर्थ पर नियंत्रण से जापानी अर्थव्यवस्था को प्रभावित कर रहा है?
सारांश
Key Takeaways
- चीन ने जापान के लिए रेयर अर्थ निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया है।
- जापान ने जी-7 से मदद मांगी है।
- यह स्थिति जापान की अर्थव्यवस्था को प्रभावित कर सकती है।
जापान, 10 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। चीन के आक्रामक रुख का जापान की अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है। बीजिंग की रेयर अर्थ तत्वों पर मजबूत पकड़ और हालिया निर्यात प्रतिबंधों के बीच जापान ने जी-7 सहयोगियों और अन्य देशों से मदद की अपील की है।
क्योदो न्यूज एजेंसी के अनुसार, जापानी वित्त मंत्री सत्सुकी कटायामा ने बताया कि वे रविवार से अमेरिका की यात्रा पर अपने समकक्षों से महत्वपूर्ण खनिजों पर बातचीत करेंगी। वहीं, रक्षा मंत्री शिंजीरो कोइजुमी भी आगामी गुरुवार को अमेरिकी समकक्ष से वार्ता करेंगे।
प्रधानमंत्री ताकाइची अगले हफ्ते दक्षिण कोरिया के ली जे म्युंग के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक करेंगी जिससे यूएस के दो मुख्य सहयोगियों के बीच सामंजस्य बना रहे।
कटायामा ने शुक्रवार को कहा, "जी7 देशों में यह सहमति बनी है कि गैर-बाजार तरीकों से एकाधिकार प्राप्त करना अस्वीकार्य है।" उन्होंने चीन की पिछली कार्रवाइयों का जिक्र करते हुए कहा, "यह वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए एक संकट और आर्थिक सुरक्षा के लिए एक बड़ी चुनौती है।"
यह कदम बीजिंग के साथ बढ़ते विवाद के बीच उठाया गया है, जो पिछले नवंबर में जापानी प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के ताइवान पर दिए गए बयान से शुरू हुआ। चीन ने जापान को दोहरे उपयोग वाली वस्तुओं के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया है, जिसमें रेयर अर्थ भी शामिल हैं।
जापान के व्यापार मंत्री रयोसेई अकाजावा के अनुसार, डुअल-यूज सामग्रियों पर नए नियंत्रण के प्रभाव का आकलन करना कठिन है। उन्होंने कहा कि चीन ने रेयर अर्थ पर रोक लगा दी है, जिसका उपयोग कई उत्पादों में होता है, जैसे कि कार और इलेक्ट्रॉनिक्स। यह रोक पिछले साल अप्रैल से लागू है और इससे जापान के कई उद्योग प्रभावित हो रहे हैं।
इससे पहले शुक्रवार को, मुख्य कैबिनेट सचिव मिनोरू किहारा ने रेयर अर्थ और खाद्य सामग्रियों के शिपमेंट के लिए अपील की, क्योंकि रिपोर्टें थीं कि बीजिंग इन सामग्रियों के व्यापार में रुकावट डाल रहा है।
किहारा ने एक न्यूज कॉन्फ्रेंस में कहा, "मेरा मानना है कि रेयर अर्थ का अंतर्राष्ट्रीय व्यापार सुचारू रूप से चलना चाहिए, और मैं इसे अत्यंत आवश्यक मानता हूं।" रेयर अर्थ और अन्य सामग्रियों पर चीन के निर्यात नियंत्रण का वैश्विक सप्लाई चेन पर गंभीर असर पड़ रहा है।
वहीं, वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन ने जापानी कंपनियों को रेयर अर्थ और रेयर अर्थ मैग्नेट्स के निर्यात को रोकना शुरू कर दिया है।
जापान, जो रेयर अर्थ आयात के 60 फीसदी के लिए चीन पर निर्भर है, को इलेक्ट्रिक वाहनों और रक्षा तकनीकों में इस्तेमाल होने वाले भारी रेयर अर्थ के लिए लगभग पूरी तरह चीन पर निर्भरता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह प्रतिबंध जापान की अर्थव्यवस्था को प्रभावित कर सकता है और जापान अब गहरे समुद्र में रेयर अर्थ खनन की संभावनाओं का परीक्षण करने की योजना बना रहा है।
जापान टाइम्स के अनुसार, 2010 में भी चीन ने रेयर अर्थ निर्यात पर नियंत्रण किया था।