हाईनान के शुल्क-मुक्त बाजार में पहली तिमाही में अभूतपूर्व वृद्धि
सारांश
Key Takeaways
- हाईनान में पहली तिमाही में 14.21 अरब युआन की शुल्क-मुक्त खरीदारी हुई।
- 18.16 लाख खरीदारों ने 109.77 लाख वस्तुएं खरीदीं।
- इस अवधि में बिक्री में 25.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
- त्वचा देखभाल उत्पादों और हल्के लग्जरी कपड़ों की मांग बढ़ी।
- हाईखोउ सीमा शुल्क विभाग ने सुरक्षा तंत्र को सक्रिय कर लिया है।
बीजिंग, 2 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। दक्षिण चीन के हाईनान प्रांत की राजधानी हाईखोउ के सीमा शुल्क विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष की पहली तिमाही (जनवरी से मार्च) में हाईखोउ सीमा शुल्क विभाग ने हाईनान में कुल 14.21 अरब युआन मूल्य की शुल्क-मुक्त (ड्यूटी-फ्री) खरीदारी का निरीक्षण किया। इस दौरान 18.16 लाख खरीदारों ने 109.77 लाख वस्तुएं खरीदीं।
ये तीनों आंकड़े पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में क्रमशः 25.7 प्रतिशत, 18 प्रतिशत और 12 प्रतिशत अधिक हैं। वसंत ऋतु के आगमन और लोगों की यात्रा गतिविधियों के बढ़ने के साथ, हाईनान का शुल्क-मुक्त बाजार तेजी से विकसित हो रहा है और उपभोक्ता गतिविधियों में लगातार वृद्धि हो रही है।
हाईखोउ अंतर्राष्ट्रीय ड्यूटी-फ्री सिटी के संचालन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि वर्ष के पहले तीन महीनों में ग्राहकों की संख्या में निरंतर वृद्धि देखी गई है, विशेषकर परिवारों और माता-पिता-बच्चों के साथ यात्रा करने वाले पर्यटकों की संख्या में। त्वचा देखभाल उत्पादों, स्नैक्स और हल्के लग्जरी कपड़ों की बिक्री में विशेष उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
सूचना के अनुसार, हाईखोउ सीमा शुल्क विभाग ने पहले ही अपना सुरक्षा तंत्र सक्रिय कर दिया है और निगरानी प्रक्रियाओं को अधिक सुव्यवस्थित किया है। इसके साथ ही, विशेष चैनल स्थापित कर सीमा शुल्क निकासी के लिए पूर्व-पंजीकरण की सुविधा प्रदान की गई है। इससे शुल्क-मुक्त वस्तुओं के लिए “तत्काल आगमन, तत्काल निरीक्षण और तत्काल रिहाई” सुनिश्चित की गई, जिससे बाजार में वस्तुओं की आपूर्ति सुचारु बनी रही।
अधिकारियों का कहना है कि हाईखोउ सीमा शुल्क विभाग निगरानी, प्रबंधन और सेवाओं को निरंतर बेहतर बनाने का प्रयास करता रहेगा, ताकि अपतटीय शुल्क-मुक्त उद्योग के उच्च गुणवत्ता वाले विकास को बढ़ावा दिया जा सके और हाईनान मुक्त व्यापार बंदरगाह के निर्माण में सक्रिय योगदान दिया जा सके।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)