भारत ने ईरान में अपने नागरिकों को जल्द देश छोड़ने की सलाह दी, युद्धविराम का स्वागत किया
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 8 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर समझौते के बावजूद, भारत ने बुधवार को ईरान में अपने नागरिकों को जल्द से जल्द देश छोड़ने की सलाह दी है। भारतीय नागरिकों को ईरान में स्थित दूतावास द्वारा बताए गए मार्गों का उपयोग करने का भी सुझाव दिया गया है।
तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने एक एडवाइजरी में कहा, "7 अप्रैल की एडवाइजरी के अनुसार और हाल की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए, ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे दूतावास के साथ समन्वय करके और दूतावास द्वारा सुझाए गए मार्गों का उपयोग करते हुए जल्द से जल्द ईरान छोड़ दें।"
दूतावास ने यह भी कहा, "यह दोहराया जाता है कि बिना दूतावास से पहले से सलाह और समन्वय किए, किसी भी अंतरराष्ट्रीय जमीनी सीमा तक पहुँचने का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए।" एडवाइजरी में दूतावास ने नागरिकों के लिए आपातकालीन नंबर भी साझा किए हैं।
हालांकि, भारतीय विदेश मंत्रालय ने हाल ही में अमेरिका-ईरान के बीच युद्धविराम का स्वागत किया है। मंत्रालय ने यह भी उम्मीद जताई है कि इससे पश्चिम एशिया में स्थायी शांति स्थापित होगी।
पश्चिम एशिया में हाल की घटनाओं पर विदेश मंत्रालय ने कहा, "हम युद्धविराम का स्वागत करते हैं और आशा करते हैं कि इससे पश्चिम एशिया में स्थायी शांति स्थापित होगी। जैसा कि हमने पहले भी कहा है, इस संघर्ष को समाप्त करने के लिए तनाव कम करना, बातचीत और कूटनीति बेहद जरूरी हैं। इस संघर्ष ने पहले ही लोगों को भारी कष्ट पहुँचाया है और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति व व्यापार नेटवर्क को बाधित किया है। हमें उम्मीद है कि होर्मुज जलडमरूमध्य के माध्यम से आवागमन की स्वतंत्रता और वैश्विक व्यापार का प्रवाह बना रहेगा।"
यह घटनाक्रम अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर समझौते के कुछ ही घंटों बाद आया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संघर्ष-विराम समझौते के तहत ईरान के खिलाफ हमलों को दो हफ्ते के लिए सशर्त रोकने की घोषणा की। उन्होंने इसे रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' को फिर से खोलने के प्रयासों से जोड़ा।
ईरान ने इस प्रस्ताव को अस्थायी रूप से स्वीकार करने का संकेत दिया है। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा कि यदि ईरान पर हमले बंद हो जाते हैं, तो तेहरान भी अपनी सैन्य कार्रवाई रोक देगा।