ईरान-अमेरिका बातचीत में प्रगति, सीजफायर खत्म होने से पहले मतभेद जारी
सारांश
मुख्य बातें
तेहरान, १९ अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। ईरान और अमेरिका के बीच चल रहा दो हफ्ते का सीजफायर २२ अप्रैल को समाप्त होने वाला है। इस समय, ईरान ने यह संकेत दिया है कि अमेरिका के साथ उसकी बातचीत प्रगति पर है। हालांकि, यह भी स्पष्ट किया गया है कि वे अंतिम समझौते से अभी भी दूर हैं।
ईरानी पार्लियामेंट के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबफ ने शनिवार (स्थानीय समयानुसार) को टीवी पर दिए अपने भाषण में कहा कि दोनों पक्षों के बीच कई महत्वपूर्ण मतभेद अभी भी बने हुए हैं।
गालिबफ ने कहा, "बातचीत अब तक किसी महत्वपूर्ण मोड़ पर नहीं पहुंची है। कई कमियां हैं और कुछ बुनियादी बातें अभी बाकी हैं।"
गालिबफ का यह भी कहना है कि हाल के संघर्ष के दौरान ईरान का पलड़ा भारी रहा है। तेहरान ने अस्थायी सीजफायर के लिए तभी सहमति दी जब वॉशिंगटन ने उसकी शर्तों को स्वीकार किया।
ईरान की सामरिक स्थिति पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि अमेरिका अपने लक्ष्यों को हासिल करने में सफल नहीं रहा है, जबकि ईरान ने ग्लोबल एनर्जी सप्लाई के लिए एक महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग होर्मुज स्ट्रेट पर नियंत्रण बनाए रखा है।
ईरानी पार्लियामेंट के स्पीकर ने कहा, "दुश्मन की हर कोशिश हम पर अपनी शर्तें थोपने की थी और यह जरूरी है कि हम अपने अधिकारों को दर्ज कराएं। इसलिए बातचीत भी संघर्ष का एक तरीका है।"
इस बीच, ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल (एसएनएससी) ने कहा कि देश होर्मुज स्ट्रेट से होने वाले ट्रैफिक पर नियंत्रण और निगरानी बनाए रखने के लिए तैयार है, जब तक कि युद्ध पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता और क्षेत्र में स्थायी शांति नहीं आ जाती।
ईरानी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, यह बयान ईरान के मुख्य मिलिट्री कमांड, खतम अल-अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर द्वारा होर्मुज स्ट्रेट पर सख्त नियंत्रण फिर से शुरू करने की घोषणा के बाद आया है।
न्यूज एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, एसएनएससी ने कहा कि वह जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही को नियंत्रित करेगा। इसके तहत जहाजों की जानकारी ली जाएगी, प्रवेश और निकास के लिए परमिट जारी किए जाएंगे। सुरक्षा और पर्यावरण सेवाओं के बदले शुल्क लिया जाएगा और अपने नियमों और युद्धकालीन प्रोटोकॉल के अनुसार समुद्री यातायात को संचालित किया जाएगा।