खैबर पख्तूनख्वा में क्वाडकॉप्टर हमले में तीन सुरक्षाकर्मियों की जान गई
सारांश
मुख्य बातें
पेशावर, 23 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में अर्धसैनिक बल, फेडरल कॉन्स्टैबुलरी (एफसी) को लक्ष्य बनाकर किए गए दो लगातार हमलों में तीन सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई। मारे गए सुरक्षाकर्मी घायल साथियों को एम्बुलेंस में अस्पताल ले जा रहे थे, तभी उन पर दूसरा हमला हुआ। स्थानीय मीडिया ने इस घटना की जानकारी दी।
प्रमुख दैनिक डॉन के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि यह हमला सोमवार को खैबर पख्तूनख्वा के करक जिले में हुआ। करक पुलिस प्रवक्ता शौकत खान ने अज्ञात हमलावरों को आतंकवादी बताया। उनके अनुसार, कथित आतंकवादियों ने पहले दरगाह शहीदान इलाके में फेडरल कांस्टेबुलरी फोर्ट पर क्वाडकॉप्टर से हमला किया।
करक जिले के पुलिस अधिकारी सऊद खान ने कहा कि जब घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया जा रहा था, तो गाड़ी पर भी हमला किया गया, जिसमें फेडरल कांस्टेबुलरी के तीन जवान मारे गए।
केपी में पिछले एक हफ्ते में अर्धसैनिक बलों या सैन्य बलों को निशाना बनाकर यह तीसरा हमला है। पिछले हफ्ते ही केपी के बाजौर जिले में एक चेकपोस्ट पर हुए आत्मघाती हमले में 11 सुरक्षाकर्मी मारे गए थे।
18 फरवरी को, वजीर सबडिवीजन के सलगाजी इलाके में एक चेकपोस्ट पर अज्ञात हमलावरों के हमले में फेडरल कांस्टेबुलरी के दो जवान घायल हो गए थे।
वही, पिछले साल नवंबर में, फोर्स पर एक बड़े हमले में, पेशावर के सद्दार इलाके में फोर्स के हेडक्वार्टर पर एक सुसाइड अटैक में फेडरल कॉन्स्टेबुलरी के तीन जवान शहीद हो गए थे।
केपी में पिछले साल कथित आतंकवादी हमलों में वृद्धि देखी गई है। सेंटर फॉर रिसर्च एंड सिक्योरिटी स्टडीज (सीआरएसएस) की वार्षिक सुरक्षा रिपोर्ट 2025 के अनुसार, केपी में हिंसा में काफी बढ़ोतरी हुई है। 2024 की तुलना में मृतकों की संख्या में भी वृद्धि हुई है। 2024 में यह आंकड़ा 1,620 था, जो 2025 में बढ़कर 2,331 हो गया। रिपोर्ट के अनुसार, केपी में हमलों की संख्या में लगभग 44 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।