नेतन्याहू: इजरायल-भारत का भविष्य नई तकनीक में निहित है
सारांश
मुख्य बातें
यरूशलम, 26 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने इजरायली समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू के साथ दो दिवसीय दौरे के अंतिम दिन द्विपक्षीय बैठक की, जिसमें कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। पीएम नेतन्याहू ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि भविष्य नई तकनीक का है।
नई तकनीक के बारे में नेतन्याहू ने कहा कि आज शिक्षा के क्षेत्र में नई तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की सहायता से हर छात्र तक पहुँच संभव हो गई है, जिससे उसे अपनी पूरी क्षमता तक पहुँचने का अवसर मिल रहा है। पहले जिन परेशानियों और सीमाओं का सामना करना पड़ता था, अब वे समाप्त हो गई हैं।
उन्होंने आगे कहा कि भविष्य उन्हीं देशों का है जो नई सोच और नवाचार में सक्षम हैं। इजरायल और भारत दोनों ही नए विचारों और तकनीक पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। दोनों देश प्राचीन और महान सभ्यताएँ हैं, जिन्हें अपने इतिहास पर गर्व है, लेकिन वे भविष्य को सुधारने के लिए भी तत्पर हैं। उन्होंने कहा कि भारत और इजरायल मिलकर इस दिशा में और बेहतर कार्य कर सकते हैं।
अपने संबोधन की शुरुआत में नेतन्याहू ने पीएम मोदी के दिल को छूने वाले अंदाज की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, "यह एक अद्भुत दौरा है, एक शानदार यात्रा का अद्भुत अंत। यह छोटी लेकिन अत्यधिक फलदायी और भावनात्मक मुलाकात थी। मुझे यकीन है कि कल नेसेट में आपके दिल को छूने वाले बयान के बाद इजरायल में सभी भावुक होंगे। मुझे यह बताने में गर्व है कि हमें न केवल अपने दिलों में गहराई से देखने का अवसर मिला है, बल्कि हमारे दोनों देशों में मौजूद प्रतिभाओं को देखने का भी मौका मिला है।"
नेतन्याहू ने पीएम मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि आपकी सरकार बेहद कुशल है। आप एक मंत्री और राजदूत के स्तर पर जो कार्य कर सकते हैं, वह प्रशंसा के योग्य है। दोनों देशों के बीच जो सहयोग और समझ का संबंध यहाँ नजर आया है, वह आगे भी बना रहेगा। उन्होंने कहा कि यह सरकार-से-सरकार सहयोग, जिसका लंबे समय से इंतज़ार था, अब नई गति पायेगा और इससे दोनों देशों को एक-दूसरे से मिलने वाले लाभ में वृद्धि होगी।
इजरायली प्रधानमंत्री के बाद, भारत के पीएम ने कहा कि भारत जल्द ही इजरायल के साथ पारस्परिक लाभ के लिए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को अंतिम रूप देगा। इसके साथ ही इजरायल में भी भारत का यूपीआई पेमेंट सिस्टम संचालित होगा, इस पर द्विपक्षीय बैठक में सहमति बनी है।