आराम: बेहतर कार्यक्षमता का सरलतम उपाय, व्यस्त जीवन में खुद का ख्याल रखें
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, १६ अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। आज की तेज रफ्तार वाली ज़िंदगी में, लोग अक्सर अपने आराम और विश्राम को नज़रअंदाज़ कर देते हैं, जिसका स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि व्यस्त दिनचर्या के बीच खुद का ध्यान रखना बहुत आवश्यक है। इससे कार्यक्षमता में निखार आता है और मन भी तनाव मुक्त रहता है।
नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) के अनुसार, पर्याप्त आराम करना कार्यक्षमता बनाए रखने का सबसे सरल और प्रभावी तरीका है। लगातार काम करते रहने से शारीरिक और मानसिक थकान होना स्वाभाविक है, लेकिन यदि हम समय पर आराम न करें तो हमारी उत्पादकता और स्वास्थ्य दोनों प्रभावित होते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि बेहतर काम करने के लिए केवल मेहनत ही नहीं, बल्कि नियमित विश्राम भी आवश्यक है। जब हम अच्छे से आराम करते हैं, तो हमारा शरीर और दिमाग दोनों तरोताजा हो जाते हैं। इससे एकाग्रता बढ़ती है, निर्णय लेने की क्षमता में सुधार होता है और काम में गलतियों की संख्या कम होती है।
एनएचएम के अनुसार, "खुद का ख्याल रखना आपकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। थका हुआ शरीर और दिमाग न तो अच्छा काम कर सकता है और न ही लंबे समय तक टिक सकता है।" इसलिए काम और जीवन के बीच संतुलन बनाना जरूरी है। अगर हम खुद को स्वस्थ और खुश रखेंगे, तभी हम अपने परिवार और काम को सही ढंग से संभाल पाएंगे। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि हर दिन कम से कम ३०-४५ मिनट का समय खुद के लिए निकालें। छोटे-छोटे ब्रेक लें, ज्यादा देर तक लगातार काम ना करें। सप्ताह में एक दिन पूरा आराम करें। स्वास्थ्य और कार्यक्षमता को बनाए रखने के लिए आराम को अपनी दिनचर्या का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाएं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कुछ सुझाव देते हैं कि घर लौटकर पर्याप्त विश्राम लें, काम के बाद घर पहुंचते ही मोबाइल और लैपटॉप बंद कर दें। अच्छी नींद लें। रात में कम से कम ७-८ घंटे की नींद लेना बहुत आवश्यक है। अपनी पसंदीदा गतिविधियों में समय बिताएं, जैसे कि किताब पढ़ना, संगीत सुनना, बागवानी करना, दोस्तों से बात करना या खेल खेलना—ये छोटी-छोटी गतिविधियां मन को तरोताजा रखती हैं और तनाव कम करती हैं।
मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए, रोज कुछ समय अपने साथ बिताएं। ध्यान, योग, सांस की एक्सरसाइज या बस चुपचाप बैठकर सकारात्मक सोचना भी मानसिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है। इससे चिंता और तनाव कम होता है।