अंगदान: नई जिंदगी देने का अनमोल उपहार, रेखा गुप्ता का संदेश
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 26 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को ‘वरदान’ फिल्म फेस्टिवल में भाग लिया, जहाँ उन्होंने कहा कि अंगदान एक व्यक्ति को नई जिंदगी देने का सबसे बड़ा उपहार है। सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट के माध्यम से कहा कि 'वरदान' फिल्म फेस्टिवल के लिए दधीचि देह दान समिति का धन्यवाद। अंगदान और देहदान जैसे संवेदनशील मुद्दों पर कला के माध्यम से लोगों को जागरूक करना वाकई में प्रेरणादायक है। इस तरह के आयोजन समाज में नई सोच विकसित करते हैं। अंगदान केवल एक चिकित्सा प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह किसी को नई जिंदगी देने का सबसे बड़ा उपहार है। एक व्यक्ति का निर्णय कई परिवारों की दुनिया बदल सकता है। पीएम मोदी ने भी अंगदान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस पवित्र कार्य से जुड़ें। आइए, हम सभी जागरूक हों, दूसरों को जागरूक करें और सेवा के इस महान कार्य का हिस्सा बनें।
विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि यह आयोजन पूर्वी दिल्ली में हो रहा है, लेकिन इसका उद्देश्य पूरी दुनिया के लिए है। हमें भारत के साथ-साथ अन्य देशों से भी फिल्में प्राप्त हुई हैं। यह भारत में पहला फिल्म फेस्टिवल हो सकता है जो विशेष रूप से अंगदान और शवदान के विषय पर लघु फिल्मों के माध्यम से समर्पित है। हमें विश्वास है कि प्राप्त फिल्में इतनी उच्च गुणवत्ता की हैं कि वे वैश्विक स्तर पर देखी जाएंगी।
केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 'मन की बात' कार्यक्रम में तीन बार अंगदान का उल्लेख किया है। दधीचि देहदान समिति ने विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष आलोक कुमार के मार्गदर्शन में यह प्रारंभ की थी। दिल्ली-एनसीआर में देहदान और अंगदान के विषय को लेकर यह जन जागरण का कार्य कर रही है। अब तक हमारे माध्यम से 20 हजार से अधिक लोगों ने देहदान और अंगदान का संकल्प पत्र भरा है। 1500 से अधिक अंगदान और देहदान समिति द्वारा किए गए हैं। अंगदान और देहदान को लेकर छोटी-बड़ी फिल्मों के लिए एक फिल्म फेस्टिवल आयोजित किया जा रहा है। लगभग 70 फिल्मों को प्रदर्शित किया जा रहा है।