एपीएससी भर्ती: 78 पदों के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू, अंतिम तिथि 3 मई
सारांश
मुख्य बातें
दिसपुर, 20 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। सिविल सेवा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना आई है। असम लोक सेवा आयोग (एपीएससी) ने 78 विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है।
एपीएससी द्वारा जारी किए गए इस नोटिफिकेशन में जिन 78 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, उनमें असम सिविल सेवा (जूनियर ग्रेड) के 45 पद, असम पुलिस सेवा (जूनियर ग्रेड) के 06 पद, जिला परिवहन अधिकारी के 03 पद, आबकारी अधीक्षक के 01 पद, सहकारी समितियों के सहायक रजिस्ट्रार के 02 पद, असम शहरी प्रशासनिक सेवा (जूनियर ग्रेड-II) के 02 पद, श्रम निरीक्षक के 05 पद, आबकारी निरीक्षक के 01 पद, सहायक रोजगार अधिकारी के 08 पद, उप-रजिस्ट्रार के 04 पद, और अनुसंधान सहायक (सीमा सुरक्षा एवं विकास विभाग) के 01 पद शामिल हैं।
इस प्रक्रिया के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन की शुरुआत 13 अप्रैल को दोपहर 12:00 बजे से हो गई थी, और आवेदन की अंतिम तिथि 3 मई निर्धारित की गई है। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अंतिम तिथि से पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 5 मई है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से कम से कम ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ ही, सभी आवश्यक पात्रता मानदंड भी पूरे करने होंगे।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 38 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 1 जनवरी, 2025 के अनुसार की जाएगी। आरक्षित श्रेणियों के लिए आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य उम्मीदवारों का चयन प्रारंभिक परीक्षा, स्क्रीनिंग टेस्ट, मेंस लिखित परीक्षा, इंटरव्यू/व्यक्तित्व परीक्षण और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा। चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद के अनुसार 22,000 से 1,10,000 रुपए प्रति माह होगी और अन्य लाभ भी मिलेंगे। प्रारंभिक परीक्षा 7 मई को आयोजित होने की संभावना है।
आवेदन करते समय उम्मीदवारों को वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करना होगा, जो जनरल के लिए 297 रुपए, ओबीसी/एमओबीसी के लिए 197 रुपए, और एससी/एसटी, बीपीएल, पीडब्ल्यूबी (दिव्यांग) और सभी श्रेणियों की महिलाओं के लिए 47.20 रुपए है।
ऑनलाइन आवेदन के लिए उम्मीदवार एपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर संबंधित पद के सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें, रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें, सभी जानकारियाँ भरें, आवश्यक डॉक्यूमेंट्स अपलोड करें, आवेदन शुल्क का भुगतान करें और फॉर्म सबमिट करें। अंत में, आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित रखें।