'दम लगा के हईशा' का जादू: 11 साल बाद आयुष्मान ने साझा किया फेवरेट सीन
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 27 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। 11 साल पहले एक ऐसी फिल्म का प्रीमियर हुआ जिसने दर्शकों को हंसने पर मजबूर करते हुए समाज को एक महत्वपूर्ण संदेश दिया।
यह फिल्म है आयुष्मान खुराना और भूमि पेडनेकर की 'दम लगा के हईशा'। इस फिल्म की शूटिंग हरिद्वार के एक छोटे से घर में की गई थी, लेकिन इसकी सफलता ने दर्शकों के दिलों में एक खास जगह बना ली और बॉक्स ऑफिस पर भी धमाल मचा दिया। आज इस फिल्म की रिलीज को 11 साल हो चुके हैं, और अभिनेता ने अपने पसंदीदा सीन के बारे में साझा किया है।
आयुष्मान खुराना ने फिल्म का एक मजेदार सीन साझा किया है, जिसमें उन्हें शूटिंग करते समय बेहद मजा आया। इस सीन में संध्या और प्रेम प्रकाश की शादी के तुरंत बाद झगड़ा होता है और वे एक-दूसरे से बात नहीं कर रहे होते। ऐसे में वे संवाद के लिए 80 के दशक के गानों का सहारा लेते हैं। यह सीन इतना हास्यप्रद है कि आज भी इसे देखकर हंसी रोकना मुश्किल होता है।
अभिनेता ने लिखा, 'दम लगा के हईशा' के मेरे पसंदीदा दृश्यों में से एक है। वे गुस्से में हैं, फिर भी संगीत के जरिए अपनी भावनाएं व्यक्त कर रहे हैं। मुझे यह पल बहुत पसंद है क्योंकि यह दिखाता है कि जब शब्द साथ नहीं होते, तब भी भावनाएं अपना रास्ता खोज लेती हैं। यह अद्भुत है कि संगीत अपने आप में संवाद बन सकता है और कभी-कभी शब्दों से भी ज्यादा अर्थ रखता है।
दिलचस्प बात यह है कि 'दम लगा के हईशा' भूमि पेडनेकर की डेब्यू फिल्म थी और इस दौरान उनका वजन लगभग 100 किलो था। यह पहली बार था जब हिंदी सिनेमा में एक प्रमुख भूमिका में इतनी भारी अभिनेत्री को प्रस्तुत किया गया। फिल्म का कॉन्सेप्ट मोटापे और रिश्तों पर आधारित था। हालांकि, रिलीज के बाद भूमि ने 35 किलो वजन कम किया।
फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी सफल रही। इसका बजट 14 करोड़ रुपए था और इसने घरेलू स्तर पर 40 करोड़ का कलेक्शन किया, जबकि वैश्विक स्तर पर लगभग 43 करोड़ का कलेक्शन किया गया। फिल्म को इसलिए भी सराहा गया क्योंकि इसे सीमित स्थान और स्क्रीन स्पेस में शूट किया गया, जिसे पारिवारिक और सामाजिक ताने-बाने के साथ जोड़ा गया।