भगवंत मान ने जलियांवाला बाग के शहीदों को श्रद्धांजलि दी, 'सपनों का पंजाब' बनाने का किया आह्वान
सारांश
Key Takeaways
- भगवंत मान ने जलियांवाला बाग के शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
- उन्होंने 'सपनों का पंजाब' बनाने का आह्वान किया।
- यह दिन हमें स्वतंत्रता और बलिदानों की कीमत याद दिलाता है।
- कुलतार सिंह संधवां और अन्य नेताओं ने भी शहीदों को नमन किया।
- आम आदमी पार्टी ने शहीदों के बलिदानों को याद किया।
चंडीगढ़, १३ अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अमृतसर के जलियांवाला बाग में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि मिलकर शहीदों के सपनों का पंजाब बनाएँ।
भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "अमृतसर के जलियांवाला बाग में स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले महान शहीदों को कोटि-कोटि प्रणाम। अंग्रेजों के जुल्म का शिकार बने इन वीरों की कुर्बानी को देश सदैव याद रखेगा। शहीदों का रक्त हमारी आने वाली पीढ़ियों को देशप्रेम और बलिदान के लिए प्रेरित करता रहेगा। आइए, हम सब मिलकर शहीदों के सपनों का पंजाब बनाएं।"
पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने भी शहीदों को नमन किया। उन्होंने लिखा, "जलियांवाला बाग के नरसंहार में शहीद हुए वीरों के अद्वितीय बलिदान को कोटि-कोटि नमन। १३ अप्रैल १९१९ की यह दर्दनाक घटना आज भी हमारे दिलों को झकझोर देती है। स्वतंत्रता केवल एक शब्द नहीं है, बल्कि उन लाखों शहीदों का सपना है, जिन्होंने जलियांवाला बाग में अपने प्राणों का बलिदान दिया।"
आम आदमी पार्टी की पंजाब शाखा ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि दी है। पार्टी ने 'एक्स' पर पोस्ट में लिखा, "१३ अप्रैल १९१९ को अमृतसर के जलियांवाला बाग में हुए नरसंहार के सभी शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि। यह दिन, जो दमन की पराकाष्ठा को दर्शाता है, हर भारतीय को स्वतंत्रता की कीमत और उसके लिए किए गए बलिदानों की याद दिलाता है, जिन्होंने हजारों देशभक्तों को अपनी मातृभूमि के लिए संघर्ष के लिए प्रेरित किया।"
श्री हरगोबिंदपुर साहिब से आम आदमी पार्टी के विधायक अमरपाल किशनकोट ने भी शहीदों को नमन किया। उन्होंने लिखा, "दमन की पराकाष्ठा को उजागर करने वाला यह दिन हर भारतीय को आजादी की कीमत और उसके लिए दी गई कुर्बानियों की याद दिलाता है, जिन्होंने हजारों देशभक्तों के भीतर मातृभूमि के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा जगाई।"