क्या बिहार की जनता बदलाव के मूड में है? कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया का दावा
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 6 नवंबर (राष्ट्र प्रेस)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान गुरुवार को पूरा हुआ। इस दौरान कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि इस बार बिहार में महागठबंधन की एक स्पष्ट लहर नजर आ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार की जनता ने एनडीए सरकार को फिर से मौका न देने का संकल्प ले लिया है और इस बार माहौल पूरी तरह से बदलाव के पक्ष में है।
तनुज पुनिया ने राष्ट्र प्रेस को बताया, "बिहार के लोग इस बार महागठबंधन को उम्मीद की नजर से देख रहे हैं। वे चाहते हैं कि नई दिशा मिले, नई राजनीति दिखाई दे और ऐसा शासन आए जो वास्तव में जनता की जरूरतों और समस्याओं को समझे। जनता बदलाव चाहती है और बदलाव की लहर स्पष्ट है।"
राहुल गांधी द्वारा जारी उस वीडियो पर भी तनुज पुनिया ने अपनी राय दी जिसमें कांग्रेस नेता ने देश के युवाओं, विशेषकर जेन-जी से बड़ी संख्या में बाहर आकर मतदान करने की अपील की थी। राहुल गांधी पर नेपाल संबंधी बयान पर आरोप लगाने की बात को तनुज पुनिया ने पूरी तरह खारिज कर दिया।
उन्होंने कहा, "राहुल गांधी ने बिल्कुल तथ्य के साथ युवाओं से वोट डालने की अपील की है। उन्होंने केवल यही कहा कि देश में सबसे बड़ी आबादी युवा वर्ग की है और देश के भविष्य का फैसला वही करेंगे। इसमें नेपाल या किसी भी तरह का कोई विदेशी संदर्भ नहीं है। यह तो बस युवाओं को लोकतंत्र बचाने, नई राह चुनने और सच का साथ देने की अपील थी।"
बिहार के पहले चरण में भारी मतदान और युवाओं की बढ़ती भागीदारी को लेकर तनुज पुनिया ने कहा कि यह स्पष्ट संकेत है कि जनता इस बार परिवर्तन के मूड में है।
पुनिया ने भाजपा पर आरोप लगाया कि 2014 के बाद से भाजपा गैरकानूनी तरीके से सरकार बनाने का प्रयास कर रही है। बिहार के मतदाता इस बार विकास, शिक्षा, रोजगार और बेहतर शासन की उम्मीद के साथ वोट कर रहे हैं।