केंद्र ने प्रवासी मजदूरों के लिए 5 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति को दोगुना किया
सारांश
Key Takeaways
- प्रवासी मजदूरों के लिए 5 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति को दोगुना किया गया है।
- यह निर्णय राज्यों में प्रवासी श्रमिकों की सहायता के लिए महत्वपूर्ण है।
- सरकार ने एलपीजी की जमाखोरी पर कार्रवाई करने की योजना बनाई है।
- घरेलू एलपीजी की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है।
- ऑनलाइन बुकिंग की हिस्सेदारी लगभग 96 प्रतिशत तक बढ़ गई है।
नई दिल्ली, 7 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। केंद्र सरकार ने मंगलवार को जानकारी दी है कि प्रवासी मजदूरों के लिए प्रत्येक राज्य को दिए जाने वाले 5 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडरों की दैनिक आपूर्ति को दोगुना कर दिया गया है।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है, "2-3 मार्च, 2026 के दौरान प्रवासी श्रमिकों को दी जाने वाली औसत दैनिक आपूर्ति के आधार पर 5 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति को दोगुना किया जा रहा है। यह सिलेंडर राज्य सरकार के पास उपलब्ध होंगे और सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों की मदद से केवल अपने राज्य में प्रवासी श्रमिकों को ही वितरित किए जाएंगे।"
23 मार्च से अब तक लगभग 7.8 लाख 5-किलो के फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर बेचे जा चुके हैं। सोमवार को देशभर में 1.06 लाख से अधिक 5-किलो के सिलेंडर बिके, जबकि फरवरी महीने में प्रतिदिन औसतन 7,7000 सिलेंडर की बिक्री हुई थी।
सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने पिछले चार दिनों में 5-किलो सिलेंडरों के लिए लगभग 1,300 जागरूकता शिविर भी आयोजित किए, जिनमें 10,000 से अधिक सिलेंडर बेचे गए।
बयान में यह भी कहा गया है कि मौजूदा भू-राजनीतिक स्थिति के कारण एलपीजी की समग्र आपूर्ति पर असर पड़ा है, लेकिन घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है और वितरकों के पास सिलेंडरों की कमी की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है।
कुल एलपीजी बुकिंग में ऑनलाइन की हिस्सेदारी लगभग 96 प्रतिशत तक बढ़ गई है, जबकि डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (डीएसी) आधारित डिलीवरी भी लगभग 90 प्रतिशत तक बढ़ गई है।
कुल व्यावसायिक एलपीजी आवंटन को संकट-पूर्व स्तर के लगभग 70 प्रतिशत तक बढ़ा दिया गया है, जिसमें 10 प्रतिशत फॉर्म-लिंक्ड आवंटन भी शामिल है।
14 मार्च से अब तक लगभग 86,439 मीट्रिक टन व्यावसायिक एलपीजी (45.5 लाख से अधिक 19 किलोग्राम सिलेंडरों के बराबर) बेची जा चुकी है, जबकि सोमवार को 3.4 लाख से अधिक 19 किलोग्राम सिलेंडर बेचे गए।
इंडियन ऑयल, एचपीसीएल और बीपीसीएल के कार्यकारी निदेशकों की एक तीन सदस्यीय समिति व्यावसायिक एलपीजी वितरण की योजना बनाने के लिए राज्य अधिकारियों और उद्योग निकायों के साथ समन्वय कर रही है।
बयान में यह भी कहा गया है कि एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए देश भर में प्रवर्तन कार्रवाई जारी है, और सोमवार को देशभर में 4,300 से अधिक छापे मारे गए और 1200 से अधिक सिलेंडर जब्त किए गए।
राज्यों को घरेलू और व्यावसायिक दोनों उपभोक्ताओं के लिए नए पीएनजी कनेक्शन की सुविधा प्रदान करने की सलाह दी गई है।
सभी रिफाइनरियां अपनी पूर्ण क्षमता पर काम कर रही हैं और कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। देश में पेट्रोल और डीजल का भी पर्याप्त स्टॉक है। बयान में कहा गया है कि घरेलू खपत को पूरा करने के लिए रिफाइनरियों से एलपीजी उत्पादन बढ़ाया गया है।
इसके अलावा, सरकार ने नागरिकों को यह सलाह दी है कि वे अफवाहों से सावधान रहें और सही जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करें।