उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और भाजपा नेताओं ने चंद्रशेखर आजाद को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 27 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने शुक्रवार को स्वतंत्रता सेनानी चंद्रशेखर आजाद की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि मातृभूमि के प्रति उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया पर लिखा, "महान क्रांतिकारी और स्वतंत्रता संग्राम के नायक चंद्रशेखर आजाद की पुण्यतिथि पर उन्हें शत-शत नमन। आजाद नाम को चरितार्थ करने वाले अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद का जीवन सदियों तक राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।"
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी अपने संदेश में लिखा, "अमर शहीद, अदम्य साहस और स्वाभिमान के प्रतीक चंद्रशेखर आजाद के बलिदान दिवस पर कोटि-कोटि नमन। उनका जीवन त्याग और स्वाभिमान का अद्वितीय उदाहरण है।"
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लिखा, "भारत माता के अमर सपूत चंद्रशेखर आजाद के बलिदान दिवस पर उन्हें कोटिशः नमन। उनका जीवन मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए समर्पित रहा और उनकी वीरता ने स्वतंत्रता संग्राम को नई ऊर्जा दी।"
उन्होंने आगे कहा कि अंतिम क्षण तक अपने वचन पर अडिग रहने वाले इस महान क्रांतिकारी का जीवन राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध का अनुपम उदाहरण है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लिखा, "मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले चंद्रशेखर आजाद की पुण्यतिथि पर कोटिशः नमन। आपका साहस और समर्पण हम सबके लिए प्रेरणा का स्रोत है।"
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी लिखा, "अदम्य साहस के प्रतीक चंद्रशेखर आजाद के बलिदान दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि! उनका निर्भीक संकल्प हमारे लिए अमर प्रेरणा है।"