चिराग पासवान ने तेजस्वी यादव पर किया पलटवार, एसी में बैठकर सहूलियत की राजनीति का आरोप
सारांश
मुख्य बातें
पटना, १५ अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने राजद नेता तेजस्वी यादव के हालिया बयान का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी एसी कमरे में बैठकर सहूलियत की राजनीति कर रहे हैं।
मीडिया से बातचीत करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि विपक्ष भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है। आज जब मैं नीतीश कुमार से मिला तो उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि विधानसभा, विधान परिषद, लोकसभा और राज्यसभा का सदस्य बनने का अवसर बहुत कम लोगों को मिलता है। उन्होंने अपने अनुभव का लाभ उठाने की इच्छा व्यक्त की है।
चिराग ने कहा कि नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री के रूप में अपनी सेवा की है और हम सभी उनका आदर करते हैं। उनके कारण ही बिहार ‘जंगलराज’ के अंधकारमय दौर से बाहर आकर इस मुकाम पर पहुंचा है। आगे भी सम्राट चौधरी उनके मार्गदर्शन में काम करेंगे और बिहार का विकास होगा।
तेजस्वी यादव के बयान पर चिराग ने कहा कि जब तेजस्वी एक अंगुली किसी पर उठाते हैं, तो बाकी चार अंगुलियां खुद की ओर कैसे मुड़ती हैं, इसका जवाब उन्हें देना चाहिए। अपने परिवार के इतिहास को जांचें। लालू यादव के जेल जाने के बाद किस प्रक्रिया से अगले मुख्यमंत्री का चुनाव हुआ था? यहां तो कई दलों का गठबंधन है, जिनकी सहमति से सम्राट चौधरी को चुना गया।
चिराग ने सवाल उठाया कि तेजस्वी यादव कहाँ हैं? जब बिहार में इतना बड़ा राजनीतिक बदलाव हुआ है, वे एसी कमरे में बैठकर सहूलियत की राजनीति क्यों कर रहे हैं?
उन्होंने सम्राट चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि सम्राट चौधरी को ढेर सारी बधाई और शुभकामनाएं। वे बिहार को अगले स्तर पर ले जाने वाले हैं। सीएम नीतीश कुमार ने बिहार को जंगलराज से बाहर निकालकर स्थिरता दी है। अब सम्राट चौधरी के नेतृत्व में हमारी सरकार उनके कार्यों को आगे बढ़ाएगी। नीतीश कुमार की मौजूदगी और सक्रियता को हम कभी नहीं भूलेंगे। वे अब केंद्रीय राजनीति में सक्रिय हो रहे हैं, मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूँ।